-क्षेत्रीय गांधी आश्रम ने सेवानिवृत कर्मचारी का आरोप उसके वेतन से पीएफ और ग्रेच्युटी के नाम पर रुपये काटे लेकिन जमा नहीं किए

मुरादाबाद, 14 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम ने सेवानिवृत कर्मचारी ने अपने वेतन से पीएफ और ग्रेच्युटी के नाम पर रूपये काटे जाने के बावूजद अपने खाते में जमा नहीं होने के आरोप में मंगलवार को थाना सिविल लाइंस में क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम के अध्यक्ष, सचिव, पांच प्रबंधक समेत आठ के खिलाफ गबन का केस दर्ज कराया है। पीड़ित रिटायर कर्मचारी को कहना हैं कि सेवानिवृत होने के बाद जब कर्मचारी पीएफ आफिस बरेली पहुंचा तब पता चला कि उसके यहां के किसी कर्मचारी का अकाउंट ही वहां नहीं खुला हैं जबकि सभी कर्मचारियों के वेतन से पीएफ और ग्रेच्युटी के नाम पर राशि काटी जाती हैं।

मुरादाबाद के थाना कांठ क्षेत्र के गांव पाइंदापुर निवासी ध्यान सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी नियुक्ति 1 अगस्त 1967 को क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम सिविल लाइंस मुरादाबाद में कार्यकर्ता के पद पर की गई थी। बदले में 7 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था। ध्यान सिंह के अनुसार सेवा काल में संस्था की ओर से फंड के लिए एक सेवा पुस्तिका जारी की गई थी। जिसमें जीपीएफ के रूप में उनके ब्याज सहित 12 हजार 89 हजार 218 रुपये और वेतन ग्रेच्यूटी के 3 लाख 33 हजार 480 रुपये जमा हैं। इस क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम के ऊपर ध्यान सिंह के कुल 16 लाख 22 हजार 689 रुपये बकाया हैं। ध्यान सिंह 3 सितंबर 2009 को सेवा निवृत्त होने पर क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम को अपना त्याग पत्र दे दिया। जिसके बाद गांधी आश्रम मुरादाबाद व महामंत्री कार्यालय लखनऊ से अपने फंड के लिए संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

ध्यान सिंह ने आगे बताया कि उन्होंने पीएफ आफिस बरेली में जाकर जानकारी की तो पता चला कि क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम मुरादाबाद ने अपने किसी भी कर्मचारी का पीएफ अकाउंट खोला ही नहीं है और ना ही किसी कर्मचारी का कोई पैसा जमा किया है। ध्यान सिंह का आरोप है कि क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम के अध्यक्ष, सचिव और प्रबंधकों ने मिलकर संस्था के खातो में हेराफेरी कर और संस्था को घाटे में दिखाकर सभी कर्मचारियों का फंड, वेतन, ग्रेच्युटी आदि का पैसा गबन कर लिया है। शिकायत करने पर सिटी मजिस्ट्रेट से जांच कराई गई। उनकी रिपोर्ट में भी यह फर्जीवाड़ा सामने आया। जिसके बाद ध्यान सिंह ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित ध्यान सिंह की तहरीर के आधार पर सिविल लाइंस थाने में मंगलवार को क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम सिविल लाइन मुरादाबाद के अध्यक्ष दीनानाथ तिवारी, सचिव रवि शंकर शर्मा, प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह, ओमकार सिंह, चंद्रशेखर राय, संतोष पांडेय, विनोद कुमार झा और अकाउंट मैनेजर राम आजाद वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी कर गबन करने का केस दर्ज किया है। एसएचओ सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने बताया कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/निमित

Updated On 22 March 2023 12:03 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story