ABVP के सम्मेलन में छात्रों को दी गई नई शिक्षा निति के साथ भारतीय संस्कृति की जानकारी

Update: 2023-04-12 15:15 GMT

वाराणसी। विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की काशी महानगर छात्र चेतना सम्मेलन बुधवार को उदय प्रताप स्वयत्तशासी महाविद्यालय में पूरा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन की राष्ट्रीय मंत्री साक्षी सिंह, प्रान्त उपाध्यक्ष अभय सिंह मौजूद रहे। इस दौरान संगठन द्वारा वहां मौजूद सभी विद्यार्थियों को नयी शिक्षा निति के साथ-साथ गुरुकुल परंपराओं के बारे में अवगत कराया गया।

इस अवसर पर मंत्री साक्षी सिंह ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज आवश्यकता है कि भारत में अपने सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन और संरक्षण इस प्रकार करें कि कोई भी देश विरोधी ताकत भारत मां के सीने को छलनी ना कर सके। साथ ही उन्होंने कहा कि हम सब को पुनः यह प्रण लेना पड़ेगा कि भारत मां के विराट मस्तक को ऊंचा रखने में हम सहायक हो सकें तथा राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के अपने लक्ष्य में अग्रसर हो, विश्व पटल पर भारतीय संस्कृति का उन्नत स्थान बनाए रखने में सफल हो सके।



प्रांत उपाध्यक्ष के रूप में अपना संबोधन देते हुए डॉक्टर ऊर्जस्विता सिंह ने कहा कि वैदिक परंपरा के पुनर्स्थापना व पुनर्जीवन के लिए आवश्यक है कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था इस प्रकार हो कि वह व्यवहार अनुकूल होने के साथ-साथ उन्नत आचरण का भी मार्ग प्रशस्त कर सकें साथ ही उन्होंने कहा कि फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में पुनश्चर्या पाठ्यक्रम का निर्माण इस प्रकार से हो कि ज्ञान शील गुरुओं का निर्माण व स्थापना हो सके ,क्योंकि अगर गुरु बनेंगे तो गुरुकुल की स्थापना अपने आप हो जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने किया एवं स्वागत व धन्यबाद ज्ञापन महानगर मंत्री अभय सिंह और नगर अध्यक्ष डॉ. मनोज सिंह ने की।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की राष्ट्रीय मंत्री साक्षी सिंह ,प्रान्त उपाध्यक्ष अभय सिंह , प्रान्त उपाध्यक्ष डॉ ऊर्जस्विता सिंह ,महानगर मंत्री अभय सिंह ,नगर अध्यक्ष डॉ. मनोज सिंह, प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंग्घ व कॉलेज के छात्र उपस्थित रहे।