कोलकाता, 27 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के काफिले पर शुक्रवार देरशाम झाड़ग्राम इलाके के राज्य राजमार्ग पर कुर्मी जनजाति समुदाय के हमले से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के तेवर आक्रामक हो गए हैं। अब तृणमूल कांग्रेस कुर्मी समुदाय के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी में है। अभिषेक डायमंड हार्बर से सांसद और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हैं।

अभिषेक बनर्जी का जब काफिला गुजर रहा था तब सड़क के दोनों ओर कुर्मी जनजाति के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने काफिले की आखिरी गाड़ी पर ईंट और पत्थर से हमला किया। इस गाड़ी में मंत्री बीरबाहा हांसदा सवार थीं।

उन्होंने बताया कि हमले में वह घायल हो गई हैं। काफिले की गाड़ियां बुलेट प्रूफ थीं लेकिन उनके शीशे तक क्रैक हो गए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमला कितना गंभीर था। उन्होंने कहा कि हमले का कुर्मी जनजाति के एक-एक नेता से जवाब लिया जाएगा। अगर वो जवाब नहीं देंगे तो तृणमूल कांग्रेस उनके घर जाकर जवाब लेगी।

अभिषेक झाड़ग्राम में नौजवार यात्रा में शामिल होकर काफिले के साथ सालबनी की ओर जा रहे थे। उसी दौरान लोधासुली इलाके में हमला हुआ। मंत्री हांसदा ने बताया कि वह खुद जनजाति समुदाय से हैं। लेकिन जिस तरह का आंदोलन हो रहा है वह आंदोलन की श्रेणी में नहीं आता।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/मुकुंद

Updated On 27 May 2023 9:40 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story