कानपुर, 19 सितम्बर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र से उत्तर प्रदेश के जनपदों में स्थानीय स्तर पर बारिश हो रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को भी कानपुर में 20.2 मिमी बारिश हुई जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकी। हालांकि पछुआ हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान लगभग सामान्य रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी पांच दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा और हल्की बारिश होती रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि उत्तर-पश्चिम और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से आज 19 सितंबर शाम तक कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। पूर्वी राजस्थान पर बना हुआ चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिणी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर स्थित है और समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। दबाव की रेखा उत्तर पश्चिमी राजस्थान से उत्तर पूर्वी अरब सागर तक जा रही है। औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ रेखा अब जैसलमेर, कोटा, गुना, अंबिकापुर, जमशेदपुर, दीघा और फिर दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी से होकर गुजरती है। इससे उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है और स्थानीय स्तर पर बारिश हो रही है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 89 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 86 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.3 किमी प्रति घंटा रही और बारिश 20.2 मिमी हुई। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 19-24 सितम्बर के मध्य हल्की बारिश होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/सियाराम

Updated On 20 Sep 2023 12:18 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story