लखनऊ,19 सितम्बर (हि.स.)। लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने भारतीय संसद में महिला आरक्षण बिल प्रस्तुत किए जाने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद देते हुए इसे राजनीति का अमृत काल बताया है।

महापौर ने कहा कि इस बिल से विधान सभाओं और लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। तीन दशकों की अटकलों के बाद महिला आरक्षण बिल को (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) आज नए संसद भवन में कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने प्रस्तुत किया। दोनों सदनों से इस बिल के पारित होते ही संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय हो जाएगा।

सुषमा खर्कवाल ने कहा कि यह बिल विकसित भारत की अवधारणा है। नारी शक्ति को यह वंदन हमारी 'सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास' की नीति का परिणाम है। हम जब यह कहते हैं जो पहले नहीं हुआ वो अब हो रहा तो उसका कारण ऐसे कलजायी फैसले हैं।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, समर्थ योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, फ्री सिलाई मशीन और सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना जैसी तमाम स्कीम हैं जिनके माध्यम से हमारी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/पदुम नारायण

Updated On 20 Sep 2023 12:18 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story