कानपुर (कान्हापुर), 26 मई (हि.स.)। हिन्दू बेटियां हैं दुर्गा, इनकी जागृत शक्ति ही असुरों का दमन करेगी। बेटियों को अपनी शक्ति पहचाननी चाहिए, सनातन संस्कृति की धुरी बेटियां ही है। यह बात शुक्रवार को श्रीमुनि हिन्दू इंटर कालेज गोविंद नगर में चल रहे दुर्गावाहिनी के प्रशिक्षण वर्ग में बहनों को संबोधित करते हुए विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र ने कही।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, स्थापत्य कला, वेद वेदांग उपनिषद, अध्यात्म धर्म की वैज्ञानिक मीमांशा एवं अनुसंधान, व्यष्टि से समष्टि तक प्रत्येक आयाम में शक्ति की उपासना है। इन्हीं बेटियों की जागृत शक्ति ही आसुरी ताकतों का दमन करेगी, हर बेटी में माता सरस्वती सा ज्ञान, माता लक्ष्मी सा ऐश्वर्या तथा माता दुर्गा सा शौर्य जागृत करना ही इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य है।

बहनों ने निकाला शौर्य संचलन

क्षेत्र संयोजिका कल्पना दीदी के मार्गदर्शन में दुर्गावाहिनी प्रान्त सहसंयोजिका अवनी दीदी के नेतृत्व में पूर्ण गणवेश में भगवा पगड़ी तथा भगवा पटका से सुसज्जित होकर सबसे आगे मार्ग व्यवस्था हेतु दोपहिया वाहन पर बहनें, तत्पश्चात घुड़सवार बहनें, उनके पीछे वादन यंत्रों के साथ बहनें, खड्ग कृपाण तलवार लिए हुए बहनें, अस्त्र शस्त्र तथा भगवा ध्वज हाथों में लिए पंक्तिबद्ध अनुशासित बहनें जय श्रीराम, भारत माता की जय, वन्दे मातरम् के गगनभेदी उद्घोष के साथ, हिन्दू नारी वीर बन, माँदुर्गा का प्रतीक बन,अबला नहीं चिंगारी है, ये भारत की नारी है जैसे नारों से वातावरण में शक्ति संचरण करती हुई पद संचलन करती हुई साक्षात रणचंडिका की सेना सी ओजस पराक्रमी प्रतीत हो रहीं थीं।

चौराहे पर बहनों को तलवारबाजी करते देख, शक्तिस्वरूपा बहनों का ऊर्जावान शौर्य संचलन देखकर जनमानस ने भी भावविभोर होकर कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। शौर्य संचलन के साथ ही यातायात भी सुगमता पूर्वक चलता रहे, यात्रियों को असुविधा नहीं हो, इसका भी कार्यकर्ताओं ने ध्यान रखा।

विहिप प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल, विभाग संगठन मंत्री पीयूष, जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला, संत सिंह, अर्चना दीदी, अक्षय, दिलीप बजरंगी, लोकेन्द्र, अखिल समेत बड़ी संख्या में भगिनी बंधु उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार/ राम बहादुर/राजेश

Updated On 26 May 2023 8:14 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story