खंडेह के भुजपुर थोक में गड्ढे खोदकर पाइप लाइन से पानी लेने की कतार

हमीरपुर, 01 जून (हि.स.)। मौदहा क्षेत्र का खंडेह गांव किसी पहचान का मोहताज नहीं है, चंदेलकालीन प्राचीन मंदिरों को पर्यटन विभाग ने गोद ले लिया है। लेकिन इस बड़ी आबादी के गांव में पीने के पानी का संकट दूर होने का नाम नहीं ले रहा है। पेयजल योजना बनी लेकिन कई मोहल्लों में लाइन नहीं डाली गई। वहीं भुजपुर थोक जैसे मोहल्ले के लोग लाइन के नीचे गड्ढे खोदकर गंदा पानी निकालकर पीने को विवश हैं। हैंडपंपों की हालत खराब है। 30 से अधिक हैंडपंप खराब पड़े हैं। ग्राम पंचायत से तीन हैंडपंपों के रिबोर में छह लाख से ज्यादा खर्च हुआ है। इनमें दो हैंडपंप ठप पड़े हैं।

खंडेह की आबादी करीब आठ हजार होगी। इसके भुजपुर थोक मोहल्ले को देखें तो लगभग हैं। जिन इलाकों में कभी कभार पानी आता है, वहां लोग पाइल लाइन के नीचे गहरे गड्ढे खोदकर गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। इसके लिए भी बर्तन रखकर घंटों लाइन लगानी पड़ती है और नंबर के इंतजार में लोग आपस में कभी-कभी झगड़े भी कर लेते हैं।

स्थिति की जानकारी खंड विकास अधिकारी भैरों प्रसाद को देने पर उन्होंने जांच का आश्वासन तो दिया, लेकिन सभी लोगों को पीने का शुद्ध पानी कैसे मिल सकेगा। इसके लिए कार्य योजना पर इंतजार करने की बात कही। गांव निवासी पुत्तन तिवारी का कहना है कि पेयजल के नाम पर एक माह के अंदर 6.53 लाख रुपये ग्राम पंचायत खाते से निकाले गए हैं।

जिन तीन स्थानों पर हैंडपंप रिबोर का दावा किया जा रहा है उनमें सिर्फ रिबोर की खानापूर्ति की गई है। दो हैंडपंप चालू ही नहीं हुए। जबकि 30 से अधिक हैंडपंप खराब हैं। पूरे प्रकरण पर ग्राम पंचायत के सचिव शिवशंकर पाल ने कहा कि पानी के लिए छह लाख के आसपास नहीं निकले हैं। उन्होंने तीन हैंडपंप रिबोर कराए हैं। अन्य हैंडपंप सही चल रहे हैं।

पुरातत्व विभाग ने खंडेह के मंदिरों को लिया गोद

खंडेह गांव पर्यटन क्षेत्र के लिए चयनित किया जा चुका है। यहां चंदेलकालीन रामजानकी मंदिर करीब एक एकड़ क्षेत्रफल में फैले हैं। पुरातत्व विभाग ने इन मंदिरों को गोद ले लिया है। पर्यटन संबंधी कार्य हो रहे हैं। जिसमें करीब 722.45 लाख की लागत खर्च होनी है। दो वर्ष पूर्व पर्यटन विभाग इनमें 50 लाख रुपये खर्च कर चुका है। इतना सब होने के बाद भी गांव में पेयजल के लिए ग्रामीण हलाकान हैं। पर्यटन क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके गांव में मौजूदा समय में 30 से ज्यादा हैंडपंप खराब पड़े हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश

Updated On 1 Jun 2023 8:00 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story