भोपाल, 26 मई (हि.स.)। भोपाल के गौरव दिवस 1 जून को महोत्सव का रूप दिया गया है और 31 मई से 1 जून तक भोपाल जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर आशीष सिंह ने शुक्रवार को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। महोत्सव के तहत 31 मई को गौरव दौड, प्रात: 06.30 बजे से, राजाभोज प्रतिमा स्थल वीआईपी रोड से बोट क्लब तक होगी। इस दौड़ के प्रतिभागी भोपाल को स्वच्छता में नंबर 01 बनाने, युवाओं को तम्बाकू से दूर रहने के संदेश देंगे तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। जल महोत्सव का प्रात: 9:30 बजे से बोट क्लब पर शुभारंभ होगा।

कलेक्टर सिंह ने बताया कि इस गतिविधि में वाटर एडवेंचर होंगे, जिसमें वाटर सर्फिंग, बनान राइड, वाटर रोलर, जेट स्की, नौका विहार, बंजी जम्प, टेम्पोलिन, ऐ.टी.व्ही. बाइक इत्यादि स्पोर्टस होंगे। फूड फेस्टिवल यानि भोपाल के लजीज जायका का उत्सव शाम 6:30 बजे से बिठ्ठन मार्केट मैदान में किया जाएगा। कार्यक्रम में भोपाल की पहचान बन चुके लजीज व्यंजनों को एक जगह पर प्रदर्शित करने एवं स्वाद को चखने का महोत्सव होगा, जिसमें स्थानीय प्रसिद्ध दुकाने, ई.एच.एम. पर्यटन निगम एवं अन्य निजी संस्थान एक जगह पर अपने व्यंजन लेकर आयेंगे, इसमें मिलेट को मुख्य रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।

यहाँ हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसी प्रकार भव्य संस्कृति संध्या 1 जून को साय:6:30 बजे से लाल परेड मैदान भोपाल में होगी। इस दौरान भोपाल के उपलब्धि के लिए अर्जित करने वाले व्यक्तियों का सम्मान होगा। सांस्कृतिक संध्या में महाकाल संस्तुति, कत्थक एवं राजस्थानी लोक कलाकार प्रस्तुति देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कमेडी शो-कृष्णा गिल एवं स्वदेश लहरी की जुगलबंदी होगी। इसी तरह लेजर शो - भोपाल की आजादी के 74 गौरवशाली साल और भोपाल की पहचान राजा भोज तथा रानी कमलापति का इतिहास, प्रख्यात गीतकार कवि मनोज मुतान्शिर द्वारा उद्बोधित किया जाएगा। प्रख्यात पार्श्व गायिका श्रेया घोषाल मुंबई द्वारा गीत - संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

Updated On 26 May 2023 7:26 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story