लखनऊ, 26 मई (हि.स.)। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अन्तर-राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अब तक 1172 हज यात्री सऊदी अरब के लिए रवाना हुए। शुक्रवार को लखनऊ उड़ान स्थल से दसवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3899 से 288 हज यात्रियों को लेकर रवाना हुआ।इस उड़ान से 156 पुरुष व 132 महिलाएं रवाना हुईं।

इनमें सबसे अधिक बहराइच ज़िले के 108, अमेठी के 85, लखनऊ के 50 एवं कानपुर देहात के 35 हज यात्री गए हैं। इस उड़ान से एक ख़ादिमुल हुज्जाज (हज सेवक) अब्दुल क़ादिर लखनऊ के हज यात्रियों के सुविधार्थ गये हैं। यह जानकारी उ0प्र0 राज्य हज समिति के सचिव व कार्यपालक अधिकारी एसपी तिवारी ने दी।

उन्होंने बताया कि ग्यारहवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3771, 298 हज यात्रियों को लेकर सकुशल अपने निर्धारित समय पूवार्ह्न 11 बजे रवाना हो गयी। इस उड़ान से 153 पुरुष व 145 महिलाएं रवाना हुए। सबसे अधिक अयोध्या ज़िले के 131 व बहराइच के 106 हज यात्री गए हैं।

श्री तिवारी ने बताया कि बारहवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3895 से 298 हज यात्री रवाना हुए। इस उड़ान से 161 पुरुष व 137 महिलाएं रवाना हुए। सबसे अधिक बलरामपुर ज़िले के 177 व हरदोई के 111 हज यात्री गए हैं। इस उड़ान से एक ख़ादिमुल हुज्जाज (हज सेवक) जलालुद्दीन बरेली के हज यात्रियों के सुविधार्थ गए हैं।

इसी प्रकार चौथी व लखनऊ से तेरहवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3755 से 288 हज यात्री रवाना हुए। इस उड़ान से 107 पुरुष व 181 महिलाएं रवाना हुए। सबसे अधिक लखनऊ ज़िले के 59 व भदोही ज़िले के 56 हज यात्री गये हैं। इस उड़ान की मुख्य विशेषता यह है कि इसमें बिना महरम श्रेणी की 100 महिलाएं व जोहफा श्रेणी के 52 हज यात्री गए हैं। इसके अतिरिक्त अन्य राज्यों के हज यात्री जिन्होंने लखनऊ उड़ान स्थल का विकल्प चुना था जैसा कि मेघालय के 02, बिहार के 02 व हरियाणा के 01 हज यात्री भी गये हैं। अब तक लखनऊ से 3805 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

श्री तिवारी ने बताया कि दिल्ली उड़ान स्थल से आज उड़ान संख्या एस0वी03741 से उत्तर प्रदेश के 240 हज यात्री रवाना हुए, जिसमें 126 पुरुष व 114 महिलाएं हैं, सबसे अधिक 177 हज यात्री मुज़फ्फरनगर ज़िले के गए। दिल्ली से उड़ान संख्या एस0वी03783 से 337 हज यात्री रवाना हुए, जिसमें 175 पुरुष व 162 महिलाएं व सबसे अधिक 319 हज यात्री अमरोहा ज़िले के रवाना हुए। दिल्ली से उड़ान संख्या एस0वी03777 से 206 हज यात्री रवाना हुए, जिसमें 105 पुरुष व 101 महिलाएं व सबसे अधिक अमरोहा के 158 हज यात्री गए। दिल्ली से उड़ान संख्या एस0वी03759 से 334 हज यात्री रवाना हुए, जिसमें 172 पुरुष व 162 महिलाएं व सबसे अधिक बिजनौर के 334 हज यात्री गए। अब तक उत्तर प्रदेश के दिल्ली से 4780 हज यात्री व उत्तर प्रदेश के अब तक कुल 8585 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

श्री तिवारी ने बताया कि आगामी उड़ान के हज यात्री अपना वीज़ा हज कमेटी आफ इण्डिया की वेबसाइट से निकालकर अपने साथ उड़ान स्थल पर अवश्य लाएं।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

Updated On 26 May 2023 7:54 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story