उत्साह और उल्लासपूर्ण माहौल में आजसू का महाधिवेशन शुरू

रांची, 29 सितम्बर (हि. स.)। आजसू पार्टी का शुक्रवार से मोरहाबादी में तीन दिवसीय महाधिवेशन उत्साह और उल्लासपूर्ण माहौल में शुरु हुआ। मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन के कोख से जन्मा और झारखंड के सपूतों के शहादत एवं बलिदान से सिंचित आजसू पार्टी शहीदों के सपनों को साकार करेगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं, किसानों, मजदूरों, वंचितो और अल्पसंख्यकों एवं महिलाओं के आकांक्षाओं के लिए संघर्ष करने वाला एक राजनीतिक संगठन है। वर्ष 2000 से आजसू पार्टी एक राजनीतिक दल के रूप में झारखंड के लोगों के बुनियादी जरूरतो, सामाजिक सरोकारों आर्थिक उन्नति, राजनैतिक चेतना, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा उनके हक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। महतो मोराबादी मैदान स्थित बिरसा मुंडा परिसर में आजसू की तीन दिवसीय महाधिवेशन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा है कि लंबे संघर्ष एवं रक्त रंजित आंदोलनो से गुजर कर हम सब ने अपने एक अलग झारखंड राज्य पाया। सन 2000 में झारखंड के जन्मोत्सव पर खूब जश्न मना ढोल और नगाड़ों की आवाज से जंगल-पहाड़ तक झूम उठे। सभी ने शहीदों को नमन किया। सभी के सहयोग से झारखंड को समृद्धि के फूलों से संवारने की हम सभी ने कसम खाई।

झारखंड नवनिर्माण संकल्प समागम इस बात का आकलन करने का अवसर है कि अधिकार, स्वाभिमान एवं पहचान के लिए संघर्ष करते-करते हम खुद को कहां खड़े पाते हैं। यहां से आगे का रास्ता क्या है। झारखंड का जल, जमीन, जंगल एवं खनिज की लूट ने झारखंड निर्माण आंदोलन को जन्म दिया था। राज्य निर्माण के बाद बने सरकार की झारखंड आंदोलन के उद्देश्यों को पूरा करने में विफलता ने राज्य को फिर से एक क्रांति की चौखट पर लाकर खड़ा किया है। आगे का रास्ता बनाने के लिए अपने शहीदों को याद कर सर पर कफन बांध फिर से सड़क पर उतरने की नौबत बनती दिखती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक आर्थिक सामाजिक एवं अन्य ज्वलंत विषयों पर परिचर्चा कर झारखंड नवनिर्माण के लिए आगे का रास्ता तय करने के लिए गंभीर मंथन इस झारखंड नवनिर्माण संकल्प समागम में किया गया है। विषय विशेषज्ञ, बुद्धिजीवों, सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ता हैं एवं स्वयंसेवी संगठनों का प्रतिनिधित्व के ग्रहण मंथन से निकले वैचारिक एवं राजनीतिक रूढ़ों पर चलकर आजसू अगले पांच वर्षों में झारखंड आंदोलन के मूल उद्देश्यों को हासिल करने तथा झारखंड के सपनों को साकार करने का आजसू पार्टी का आज संकल्प लेती है। इस दौरान झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया गया। महाधिवेशन के पहले दिन पार्टी के प्रधान महासचिव पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने पार्टी का प्रतिवेदन और केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी ने संविधान संशोधन पेश किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ विकास

Updated On 29 Sep 2023 11:59 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story