गुवाहाटी, 28 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में रेल मंत्रालय ने देश के अत्यंत महत्वपूर्ण शहरों से पूर्वोत्तर राज्यों के विभिन्न हिस्सों की रेल कनेक्टिविटी में सुधार करने का निर्णय लिया है।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने बताया कि ट्रेन संख्या 12513/12514 सिकंदराबाद - गुवाहाटी साप्ताहिक एक्सप्रेस की सेवा का दक्षिणी असम में सिलचर तक विस्तार किया गया है। गुवाहाटी और सिलचर के बीच ठहराव बदरपुर, न्यू हाफलोंग, लामडिंग, होजाई और जागीरोड स्टेशनों पर होगा। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 12519/12520 लोकमान्य तिलक - कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस की सेवा को त्रिपुरा के अगरतला स्टेशन तक विस्तार किया गया है। गुवाहाटी और अगरतला के बीच ठहराव आमबासा, धर्मनगर, बदरपुर, न्यू हाफलोंग, लामडिंग, होजाई और चापरमुख स्टेशनों पर होगा।

ये ट्रेन सेवायें पूर्वोत्तर के सबसे सुदूर इलाके को मुंबई और सिकंदराबाद से जोड़ेंगी। ट्रेन संख्या 12514 (सिलचर – गुवाहाटी - सिकंदराबाद) एक्सप्रेस अब सिलचर स्टेशन से बुधवार की शाम 07:45 बजे प्रस्थान करेगी और सिकंदराबाद शुक्रवार की सुबह 03:35 पहुंचेगी। वापसी यात्रा में ट्रेन संख्या 12513 (सिकंदराबाद – गुवाहाटी - सिलचर) एक्सप्रेस सिकंदराबाद स्टेशन से शनिवार की शाम 04:35 बजे प्रस्थान करेगी और सिलचर स्टेशन सोमवार की रात 11:45 पहुंचेगी।

इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 12520 (अगरतला – कामाख्या – लोकमान्य तिलक) एक्सप्रेस अब अगरतला स्टेशन से गुरुवार की सुबह 06:00 बजे प्रस्थान करेगी और लोकमान्य तिलक स्टेशन शनिवार की शाम 04:15 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में, ट्रेन संख्या 12519 (लोकमान्य तिलक – कामाख्या - अगरतला) एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक स्टेशन से रविवार की सुबह 07:50 बजे प्रस्थान करेगी और अगरतला स्टेशन मंगलवार की शाम 07:50 बजे पहुंचेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/दधिबल

Updated On 29 Sep 2023 12:05 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story