ग्वालियर, 28 सितम्बर (हि.स.)। 'गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया के साथ गुरुवार को गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। इसी के साथ दस दिन चले गणेश उत्सव का भी समापन हो गया। गणेश उत्सव के अंतिम दिन शहर में जगह-जगह भण्डारे हुए और चल समारोह भी निकाले गए।

गणेश उत्सव के अंतिम दिन श्री अचलेश्वर महाराज के गणपति जी बैण्ड बाजों के साथ विसर्जन के लिए निकले। सायं के समय श्री गणेश जी का विसर्जन सागरताल में कराया गया। गणपति जी का चल समारोह जिन-जिन रास्तों से निकला वहां-वहां भक्तों द्वारा पुष्पों की वर्षा कर भगवान का वंदन किया। वहीं शहर में अन्य स्थानों पर भी विराजे गणपति जी का विसर्जन श्रद्धा-भाव के साथ किया गया। नगर निगम द्वारा शहर में चलित जलाशयों की व्यवस्था की गई थी, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान मोदक और लड्डू के प्रसाद का वितरण भी हुआ।

शहर में वहीं कई लोगों द्वारा अपने-अपने घरों में गणपति जी का विसर्जन किया। पानी के बड़े बर्तनों में भगवान गणेश जी की प्रतिमा को विसर्जित कर प्रतिमा की मिट्टी को गमलों में रखा और उसमें पौधे भी लगाए।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश

Updated On 29 Sep 2023 12:02 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story