भोपाल, 28 सितंबर (हि.स.)। उज्जैन दुष्कर्म मामले के विरोध में गुरुवार को महिला कांग्रेस द्वारा राजधानी भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रही। महिलाओं ने इस दुखद और जघन्य घटना के खिलाफ भाजपा सरकार विरोधी नारे भी लगाए।

मप्र महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने उज्जैन में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना पर कहा कि प्रदेश में मामा के राज में बेटियां असुरक्षित है। न न्याय है और न कानून का राज है। इस सनसनीखेज और शर्मसार करने वाली दुष्कर्म की घटना ने मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था और सुशासन की कलई खोल दी है। विभा पटेल ने कहा कि इस घटना से पूरा प्रदेश शर्मसार है। इस घटना ने मानवता को आहत किया है। प्रदेश में रोजाना किसी न किसी जिले से ऐसी घटनाओं के समाचार सुनने को मिल रहे हैं। भाजपा सरकार के 18 साल के कार्यकाल में दुराचार की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। एनसीआरबी की एक रिपोर्ट भी कहती है कि नाबालिगों के यौन शोषण में मध्य प्रदेश शीर्ष पायदान पर है।

विभा पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री समाज को गुमराह करने के लिए सार्वजनिक मंचों पर कन्याओं का पूजन करते हैं। पैर पखारते है लेकिन वर्षों से इन्हें सुरक्षा और सामाजिक सम्मान दिलाने में नाकाम रहे हैं। इस दुखद घटना ने एक बार फिर मध्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की चिंताजनक आवृत्ति को उजागर कर दिया है।

विभा पटेल ने कहा कि ऐसे मामलों में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस शांत नहीं रहेगी। लगातार आंदोलन के जरिए लाड़ली बहना विरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जन जागरण करती रहेगी। इस धरने में जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कंसाना, महिला कांग्रेस प्रदेश महामंत्री फरजाना खान, शाहाना खान, लता देवरे, श्वेता पटेरिया, यशोदा पांडे और मीना चौहान मुख्य रूप में शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

Updated On 29 Sep 2023 12:02 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story