-इन नगरों में लगभग 36.12 करोड़ की अनुमानित लागत से जिला स्तरीय मॉडल फायर स्टेशन बनाए जाएंगे

गांधीनगर, 25 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पांच नगरपालिकाओं क्रमशः नवसारी, बारडोली, राजपीपळा, लुणावाडा और धोलका में नए मॉडल फायर स्टेशन के निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इन नगरपालिकाओं में अब लगभग 36.12 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से जिला स्तरीय मॉडल फायर स्टेशन बनाए जाएंगे।

राज्य के शहरी विकास विभाग ने इन पांच नगरपालिकाओं की सामान्य बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार मॉडल फायर स्टेशन बनाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इन प्रस्तावों के अनुसार नवसारी में पांच हजार वर्ग मीटर जमीन पर 7.45 करोड़ रुपए, नर्मदा जिले के राजपीपला नगर पालिका में 5500 वर्ग मीटर क्षेत्र में 7.38 करोड़ रुपए की लागत, लुणावाडा नगर पालिका क्षेत्र में 5000 वर्ग मीटर में 7.15 करोड़ रुपए की लागत और बारडोली नगर में 6 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में 7.62 करोड़ की लागत तथा धोलका में 6000 वर्ग मीटर में 6.52 करोड़ की लागत से यह नए मॉडल फायर स्टेशन का निर्माण किया जाना है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के इन नगरों में बढ़ते औद्योगिक, सामाजिक और आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए इन सभी प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इन नगर पालिकाओं में मॉडल फायर स्टेशन के अंतर्गत फायर प्रोटेक्शन सिस्टम, अंडरग्राउंड वॉटर टैंक, एलिवेटेड स्टोरेज रिज़रवोइर्स, फायर स्टेशन कर्मचारियों के लिए आवास और उन्नत सुविधाओं से युक्त फायर स्टेशन बिल्डिंग का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शहरी विकास विभाग की राज्य की नगरपालिकाओं में ऐसे मॉडल फायर स्टेशन बनाने की योजना के अंतर्गत 2022-23 के एक ही वर्ष में कुल 20 नगर पालिकाओं में मॉडल फायर स्टेशन बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इन नगर पालिकाओं में आणंद, नडियाद, अमरेली, गोधरा, व्यारा, छोटा उदेपुर, भरूच, बोटाद, दाहोद, खंभाळिया, गोंडल, मोडासा, पाटण, मेहसाणा और करजण नगरपालिकाएं शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

Updated On 25 Sep 2023 2:19 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story