- भाजपा की महिला विधायक ने महिला आरक्षण बिल पेश होने पर पीएम मोदी को दिया धन्यवाद

बलिया, 19 सितम्बर (हि. स.)। देश की नई संसद में पहली बैठक के दौरान ही लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम यानी महिला आरक्षण बिल पेश किए जाने पर महिलाओं में काफी उत्साह है। जिले की एकमात्र महिला विधायक केतकी सिंह इसे लेकर मोदी सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने मंगलवार को कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारत के राजनीतिक परिवेश को बदल देने वाला साबित होगा।

संसद में महिला आरक्षण विधेयक पेश होने पर काफी खुश नजर आ रहीं बांसडीह से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में पिछले नौ वर्षों से निरंतर न सिर्फ समाज में महिलाओं को सम्मानजनक स्थान दिलाने का काम किया गया है, अपितु आर्थिक रूप से भी समस्त महिलाओं मजबूत करने का प्रयास मोदीजी का रहा है। यह दिखाता है कि मोदी सरकार सिर्फ कथनी में ही नहीं करनी में भी महिलाओं का सम्मान करती है। महिलाएं कैसे मजबूत हों, इस दिशा में कार्य करती है। देश में महिलाएं पचास प्रतिशत मतदाता हैं। इस आधार पर मोदी सरकार ने यह अधिकार हमें दिया है। इसके लिए मैं सभी महिलाओं की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करती हूं। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, यह उनका दिमागी रूप से दिवालियापन है।

उन्होंने कहा कि आज तक विपक्ष की तरफ से महिला आरक्षण के लिए कभी कोई प्रयास भी नहीं हुआ कि महिलाओं को उनका हक मिलना चाहिए। आज जब महिलाओं को उनका आरक्षण मिलने जा रहा है और सम्मान मिल रहा है तो इसका विरोध करने वालों को चेतावनी देना चाहती हूं कि उन्हें राजनैतिक रूप से ही नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा, बल्कि समाज भी उन्हें बहिष्कृत करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा अध्यक्ष पिछले सत्र में पूरा एक दिन महिलाओं के नाम समर्पित किया था। जिसमें हम सभी महिला विधायकों ने अपनी बात मुखर होकर रखी थी। हमें सम्मान देने के लिए मोदी और योगी सरकार ने पहले से माहौल बनाना शुरू कर दिया था। इसके लिए मैं दोनों सरकारों को धन्यवाद देती हूं। आने वाले दिनों में अब अधिक महिला जनप्रतिनिधि संसद और विधानसभा में पहुंचेंगी। महिलाओं को जो समस्याएं दैनिक रूप से झेलनी पड़ती हैं, उसे मुखर रूप से हम विधानसभा में उठा सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/एन पंकज/विद्याकांत

Updated On 20 Sep 2023 12:05 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story