राजगढ़, 19 सितंबर (हि.स.)। सभी कार्यकर्ता मिशन 2023 और 2024 के महासमर के लिए अपनी कमर कसकर तैयार रहे। प्रत्येक बूथ पर कमल का फूल खिले, इसी मनोभाव को ध्यान में रखकर हमें कार्य करना है। यह चुनाव देश की दिशा और दशा को आगे बढाने के लिए है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ से चुनाव का शंखनाद करेंगे। इसलिए प्रत्येक विधानसभा से अपेक्षित कार्यकर्ता इस महाकुंभ में शामिल हो, इसकी चिंता करनी है।

यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने मंगलवार को राजगढ जिले के ब्यावरा में आयोजित पांच विधानसभाओं नरसिंहगढ, राजगढ, ब्यावरा, खिलचीपुर और सारंगपुर की संचालन समिति की बैठक में कही। उन्होंने बैठक में 25 सितंबर को भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ के लिए विधानसभा स्तर पर की गई तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ में देश के यशस्वी और विश्व में भारत का मान सम्मान बढाने वाले प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन हम सभी को मिलेगा। हाल ही में संपन्न हुए जी-20 सम्मेलन की सफलता और नवीन संसद में महिला आरक्षण बिल लाए जाने पर उनका नागरिक अभिनंदन और सम्मान होगा। इस हेतु पूरे प्रदेश के साथ ही राजगढ जिले के प्रत्येक बूथ, केन्द्र से बूथ समितियां भी इस महाकुंभ में अपनी सहभागिता दर्ज कराने पहुंचे, ऐसी व्यवस्था हो। बूथ समिति में शामिल हर कार्यकर्ता की भागीदारी भी हो, ऐसे प्रयास किए जाएं।

उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं का महाकुंभ होगा इसलिए कार्यकर्ताओं के पंजीयन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। प्रत्येक बूथ तक पूर्व तैयारियां हो इसके लिए सभी मंडलों एवं शक्ति केन्द्रों पर बैठकें आयोजित करें। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री अरविन्द भदौरिया, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजय दुबे, जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता विधानसभावार बैठकों में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/मनोज

Updated On 20 Sep 2023 12:04 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story