नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में चलते ई-रिक्शा में धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में ई-रिक्शा में बैठे तीन यात्री बुरी तरह झुलस गये। गंभीर हालत में महिला ओमी देवी (42), उसके पति पुष्पराज (46) और एक अन्य यात्री गौरव (28) को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान ओमी देवी ने दम तोड़ दिया।

नाजुक होने पर पुष्पराज को एम्स ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में गौरव और पुष्पराज का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक हादसा ई-रिक्शा की बैटरी फटने की वजह से हुआ। हादसे के बाद पहले चालक मौके से फरार हुआ और बाद में वह घटना स्थल से अपना ई-रिक्शा भी लेकर रफू चक्कर हो गया।

नंद नगरी थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। बाद में ई-रिक्शा चालक रतन लाल (52) को मंडोली, हर्ष विहार से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर जला हुआ ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम मामले की छानबीन में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक ओमी देवी और पुष्पराज अपने परिवार के साथ गली नंबर-13, प्रताप नगर, मंडोली, हर्ष विहार में रहते थे। इनके परिवार में 14 साल का बेटा देव और 20 साल की बेटी तन्नू है। पुष्पराज का कुरियर का काम है। दंपती ने गंगा स्नान की योजना बनाई। गुरुवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दोनों घर से गढ़ गंगा जाने के लिए निकल गए।

मंडोली चुंगी से दोनों शाहदरा जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हुए। उसमें पहले से सबोली निवासी गौरव बैठा हुआ था। पीछे तीन सवारी और आगे चालक समेत चार लोग ई-रिक्शा में मौजूद थे। पुलिस को दिए बयान में गौरव ने बताया कि ई-रिक्शा से कुछ जलने की दुर्गंध आ रही थी। गौरव ने चालक का ध्यान भी दिलाने की कोशिश की, लेकिन उसने अनसुना कर दिया।

इस बीच ई-रिक्शा नंद नगरी ईएसआई डिस्पेंसरी के पास पहुंचा तो अचानक उसमें धमाका हुआ और आग लग गई। धमाका होते ही चालक मौके पर ई-रिक्शा छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसे हुए ओमी देवी, पुष्पराज और गौरव को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां शुक्रवार ओमी देवी ने दम तोड़ दिया।

हादसे में हताहत होने वाले लोगों को अस्पताल ले जाने के बाद आरोपित ई-रिक्शा चालक रतनलाल अपना जला हुआ ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को छानबीन के बाद उसे मंडोली से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से ई-रिक्शा बरामद कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/दधिबल

Updated On 17 Sep 2023 12:06 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story