मुंबई, 14 सितंबर (हि.स.)। ठाणे जिले के डोंबिवली में अहिरे रोड पर शुक्रवार की शाम आदिनारायण कृपा नामक तीन मंजिला इमारत ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना में इमारत का मलबा गिरने से अन्य मकान भी गिर गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कल्याण -डोंबिवली नगर निगम की टीम और फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया है।

डोंबिवली में आदिनारायण कृपा इमारत आज शाम अचानक ढह गई। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे और मलबे से निकाल कर सुनील लोधिया और उनकी पत्नी दिप्ती लोधिया को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान सुनील लोधिया की मौत हो गई।

कल्याण डोंबिवली नगर निगम के सहायक आयुक्त सोनम देशमुख के अनुसार इस इमारत में 40 परिवार रह रहे थे लेकिन नगर निगम ने इस इमारत को खतरनाक घोषित कर दिया था। यहां रहने वाले परिवारों को घर खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। इस इमारत के बगल में स्थित घरों में रहने वालों को भी घर खाली करने के नोटिस दिए गए थे। नगर निगम की टीम यहां राहत और बचाव कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/प्रभात

Updated On 16 Sep 2023 12:03 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story