अमृतसर में पहली सरकार-उद्योगपति मिलनी कार्यक्रम आयोजित

उद्योगपतियों की ज़रूरतों और सुविधा के मुताबिक बनेंगी उद्योग संबंधी नीतियां

अमृतसर, 14 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को ऐलान किया कि राज्य के सरहदी जिलों में औद्योगिकीकरण तेज़ किया जायेगा। यहां पहली सरकार-उद्योगपति मिलनी के दौरान उद्योगपतियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरहदी क्षेत्र में उद्योगों का समूचा विकास सुनिश्चित बनाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरहदी क्षेत्र में बॉर्डर आईडैंटीफिकेशन प्रक्रिया को सुचारू बनाया जायेगा और इस सम्बन्धी प्रक्रिया में ज़रूरी बदलाव किए जाएंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इससे राज्य के ख़ास तौर पर सरहदी क्षेत्र में राज्य के विकास को बहुत अधिक बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व अधीन हुई इस मिलनी की शुरुआत के अवसर पर जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमले में पंजाब के कर्नल मनप्रीत सिंह समेत अन्य शहीद हुए जवानों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव की तैयारी के दौरान उन्होंने उद्योगपतियों को कई गारंटियां दी थीं। उन्होंने कहा कि अब सरकार बनी को 18 महीने होने के बाद में वह अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सरकार की उपलब्धियाँ बताने के लिए यहाँ आए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य में उद्योगों को सुविधा देने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि के लिए किसानों को नहरी पानी देने की तर्ज पर राज्य सरकार औद्योगिक इकाईयों के लिए नहरी पानी के तर्कसंगत प्रयोग को सुनिश्चित बनाएगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उद्योगों के कामकाज को सुचारू बनाने के लिए सुविधा दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगपतियों की ज़रूरतों के मुताबिक उद्योगों के लिए नीतियाँ बनाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि अमृतसर जि़ले में रोज़ाना के आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक समर्पित फोर्स तैयार की जायेगी। उन्होंने कहा कि अमृतसर में रोज़ाना के तकरीबन एक लाख श्रद्धालु आते हैं और उनकी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए विशेष फोर्स की ज़रूरत है।

मुख्यमंत्री ने आने वाले दिनों में इस पवित्र शहर में शटल बस सेवा शुरू करने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इससे शहर में प्रदूषण का स्तर घटाने में मदद मिलेगी, जिससे श्रद्धालुओं और शहर निवासियों को बहुत अधिक फ़ायदा होगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अमृतसर को पर्यटन के केंद्र के रूप में और अधिक विकसित करने के लिए यह समय की ज़रूरत है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पुलिस और ट्रैफिक़ मैनेजमेंट के लिए आर्टीफिशल इंटेलिजैंस का प्रयोग करने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि यह लोगों के कल्याण के लिए पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली को वैज्ञानिक तरीके से चलाने में मदद करेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अमृतसर जि़ले में आने वाले लोगों के कल्याण के लिए हरेक कदम उठाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

Updated On 14 Sep 2023 7:59 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story