लोहरदगा, 27 मई (हि.स.)। नगर भवन लोहरदगा में लीगल कैंप का आयोजन किया गया। प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश राजेंद्र बहादुर पाल ने कहा कि न्यायालय का मुख्य कार्य विवादों का निपटारा है। इसके लिए डालसा पूरी तरह प्रयासरत है। जिनको किन्हीं प्रकार की विधिक सहायता चाहिए वे डालसा कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि निःशुल्क विधिक सहायता एक लक्षित वर्ग समूह को दी जाती है, जिसमें महिला, बच्चे, अनुसूचित जनजाति वर्ग, सैनिक, बाढ़ से ग्रसित व्यक्ति, तीन लाख रुपये से कम आय वाले व्यक्ति शामिल हैं। विधिक सहायता के लिए लीगल एंड डिफेंस काउंसिल का भी गठन किया गया है।

पाल ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में मन का मिलन पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन 29 मई से 14 जून तक किया जाएगा। इसमें जागरुकता कार्यक्रम होंगे। परामर्श सेवाएं दी जाएंगी। दृश्य-श्रव्य माध्यम से मध्यस्थता की जाएगी। लोक अदालत पर सफल कहानियां दिखायी जाएंगी। मध्यस्थता की विशेषता यह रहेगी कि सभी बातें गोपनीय रहेंगी, समय, धन तथा व्यक्तिगत संबंध की रक्षा होगी। इस पखवाड़ा में परामर्श हेतु मध्यस्थ से, पुलिस अधिकारी से और सचिव डालसा से प्रातः सात बजे से दोपहर 12 बजे तक मिला जा सकता है। अपने मामलों के निपटारा के लिए कोई भी संपर्क कर सकते हैं।

अधिकतर घरेलू मामले मध्यस्थता से सुलझाए जा सकते हैं : सुभाष

प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय सुभाष ने कहा कि परिवार के झगड़े या घरेलू मामले मध्यस्थता के जरिये आसानी से सुलझाए जा सकते हैं। एक बार न्यायालय में मामला आने के बाद हम अंतिम निर्णय से पूर्व कोशिश करते हैं कि घरेलू मामला का अंत सुखद हो और संबंध/विवाह विच्छेद ना हो। अगर आप स्वयं चाहेंगे तो मामला कोर्ट में नहीं उलझेगा।

कानून के लाभ के लिए जानकारी जरूरी : आर रामकुमार

पुलिस अधीक्षक आर रामकुमार ने कहा कि डालसा की ओर से यह प्रयास सराहनीय है। जब लोगों को कानून की जानकारी होगी तो वे आसानी से कानून संबंधी लाभ ले सकेंगे। आप जानकारी लें और लोगों के बीच भी इस जानकारी को प्रचारित करें। आज क्राइम करने का तरीका बहुत ही एडवांस है इसलिए आप अपडेट रहें।

लीगल कैम्प का लाभ उठाएं : अरविंद लाल

अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल ने कहा कि आप सभी इस लीगल कैम्प का फायदा उठाएं। डालसा की ओर से समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। मन का मिलन पखवाड़ा कार्यक्रम डालसा कार्यालय, लोहरदगा में 29 मई से 14 जून तक आयोजित किया जाएगा। आप की जो भी समस्या है जो मध्यस्थता के जरिये सुलझाई जा सकती है, आप इस पखवाड़ा के दौरान डालसा कार्यालय पहुंचें और लाभ लें।

परिसंपत्तियों का किया गया वितरण

शिविर में अलग-अलग विभागों की ओर से परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसमें सदर प्रखंड की ओर से 05 लाभुकों के बीच मनरेगा जॉब कार्ड, 05 लाभुकों के बीच बिरसा संवर्धन कूप और बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत आम बागवानी, कृषि विभाग की ओर से 05 लाभुकों के बीच 20-20 किग्रा मूंगफली बीज, 05 लाभुकों के बीच सर्वजन पेंशन योजना, भूमि संरक्षण विभाग की ओर से 04 लाभुकों के बीच पम्पसेट, पशुपालन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री पशुधन योजना अंतर्गत मेडिकल किट, बैंक ऑफ इंडिया की ओर से मुद्रा ऋण अंतर्गत जेएसएलपीएस की 34 सखी दीदियों के बीच 26.50 लाख रुपये का ऋण और क्रेडिट लिंकेज अंतर्गत जेएसएलपीएस की 21 सखी मंडल के बीच 52.50 लाख रुपये का क्रेडिट लिंकेज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी/चंद्र प्रकाश

Updated On 27 May 2023 3:51 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story