जयपुर, 26 मई (हि.स.)। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां की अध्यक्षता में भाजपा किसान मोर्चा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जयपुर के न्यू सांगानेर रोड़, रजत पथ के पास आयोजित हुई।

मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही किसानों की सम्पूर्ण कर्जामाफी की जायेगी, जो अभी तक नहीं की गई। आज भी किसान अपनी पूर्ण कर्जमाफी का इंतजार कर रहा है। कांग्रेस द्वारा प्रदेश में सरचार्ज, फ्यूल चार्ज ना बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन कांग्रेस की सरकार बनते ही बिलों में वृद्धि करके किसानों की कमर तोड़ दी, साथ ही बिजली कटौती करके किसानों के साथ में धोखा किया जा रहा है। किसानों के साथ वादाखिलाफी करने वाली ऐसी निकम्मी सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश का किसान सबक सिखाएगा।

बैठक में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने कहा कि मोदी सरकार के सुशासन एवं सेवा के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण होने पर मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाये।

बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी ने किसानों के उत्थान में एफपीओ की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री शैलाराम सारण ने मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा दिये गये आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। बैठक का संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओ.पी. यादव ने किया एवं मोर्चा के जयपुर शहर जिलाध्यक्ष बिरधीचंद चौधरी ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आये हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

Updated On 26 May 2023 9:46 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story