धर्मशाला, 26 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए ‘देहरा कोई नहीं तेरा’ के नारे को दरकिनार करते हुए ‘देहरा मेरा’ का नारा दिया और कहा कि देहरा का विकास उनकी जिम्मेदारी और सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देहरा के बनखंडी क्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्राणी उद्यान स्थापित किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 300 करोड़ रुपये होगी। इसके तीन साल के भीतर पूरा होने की उम्मीद है जो पांच हजार के करीब युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार पौंग झील में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगी। इस उद्देश्य के लिए 70 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इन योजनाओं में गर्म हवा के गुब्बारे की गतिविधियों की शुरूआत और एक अस्थायी होटल का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से युवाओं को शिकारा खरीदने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय खोला जा रहा है और उन्होंने पिछले 10 वर्षों से अधर में लटके निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के समक्ष मामला उठाया है।

स्थानीय विधायक होशियार सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पांच नए बस रूटों के संचालन और आने वाले समय में बीडीओ कार्यालय के पुनर्गठन की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, देहरा विधानसभा क्षेत्र में दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और स्विमिंग पूल के साथ एक इनडोर स्टेडियम बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र में एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल भी स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी नवीन परिवर्तन लाने जा रही है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मॉडल स्वास्थ्य संस्थान खोले जाएंगे, जहां लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी।

विधायक होशियार सिंह ने देहरा के लिए विकास योजनाओं का लोकार्पण और घोषणा करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 15 साल बाद पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री हरिपुर आए हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है।

इससे पूर्व सपडी हेलीपैड से हरिपुर तक विभिन्न स्थानों पर लोगों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। खबली में पूर्व विधायक रमेश धवाला ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। प्रदेश सचिव महिला कांग्रेस सरोज शर्मा ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री सुखाश्रय कोष के लिए 51 हजार रुपये का चेक भेंट किया।

कृषि मंत्री प्रो. चंदर कुमार, मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल, विधायक संजय रतन, होशियार सिंह और मलेंदर राजन सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कांगड़ा प्रवास के दौरान देहरा विधानसभा क्षेत्र की जनता को 20.59 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान देहरा विधानसभा क्षेत्र की जनता को हरिपुर में 1.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नये बस अड्डे का लोकार्पण किया।

इसके अलावा 3.66 करोड़ रुपये की लागत से गलुआ से महवा पंचायत घर से टाटन सम्पर्क मार्ग का निर्माण। 3.94 करोड़ रुपये तथा 1.44 करोड़ रुपये की लागत से गुलेर-डेंजर संपर्क मार्ग का सुदृढ़ीकरण। इसके अलावा, उन्होंने धार से डेंजर के रास्ते लुंसु सड़क के निर्माण की आधारशिला भी रखी, जो 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगी। 6.50 करोड़ रुपये की लागत से पीर बार सत्संग घर से राधा स्वामी सत्संग घर वाया पनियाली सड़क का निर्माण होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील

Updated On 26 May 2023 8:17 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story