जगदलपुर /बीजापुर, 26 मई(हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम ने पूर्व विधायक महेश गागड़ा और भाजपा कार्यकर्ताओं के गोठान निरीक्षण पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।उन्होंने कहा है कि भाजपा और महेश गागड़ा मीडिया के सामने भ्रष्टाचार के झूठे, मनगढ़ंत और तथ्यहीन आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक रोटी तो सेंक लेतें है।वे यह नहीं बताते कि जिले के कौन से पंचायत में भ्रष्टाचार हुआ है, और ना ही उन्होंने आज तक ऐसे आरोपों को लेकर किसी कार्यालय में शिकायत पत्र दिया है।उन्होंने महेश गागड़ा को सलाहदी है कि वे झूठ बोलना बंद करे और तथ्यों के साथ भ्रष्टाचार की लिखित शिकायत संबंधित कार्यालय में करें, ताकि भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही हो सके।

जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम ने शुक्रवार को जारी अपनी विज्ञप्ति में कहा कि गोठानों में निरीक्षण के नाम पर महेश गागड़ा अपने कार्यकर्ताओं के साथ टाइम पास कर रहे हैं। उन्हें जनहित से कोई सरोकार नहीं है।उन्होंने कहा है कि भाजपा और महेश गागड़ा को खेती किसानी, खाद, गाय, गोबर और गोमूत्र की समझ ही नहीं है, गोठानों की समझ तो दूर की बात है। महेश गागड़ा शुरू से ही हेलीकाप्टर में उड़ने वाले नेता रहे हैं, उन्हें खेती-किसानी और जमीनी हकीकत की समझ नहीं है।

शंकर कुडियम ने कहा है कि भूपेश बघेल की सरकार हमारे प्राचीन परंपराओं को सुरक्षित और संरक्षित कर रही है। गोठानों में कार्य कर रही स्वसहायता समूहों की महिलाएं गोबर खाद व अन्य उत्पाद तैयार कर आय अर्जित कर रही है। गोठान अब मल्टिएक्टिविटी केंद्र के रुप में विकसित हो रहे है,जहां विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार हो रहे हैं। गोठान और गोधन न्याय योजना की धूम पूरे भारत वर्ष में है। इन योजनाओं की तारीफ नीति आयोग और मोदी सरकार ने की है।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

Updated On 26 May 2023 8:17 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story