- यात्रियों के देवास से इंदौर पहुंचने और रवानगी के समय किया गया भव्य स्वागत

- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, कहा-अब हवाई जहाज से पति-पत्नी कर सकेंगे तीर्थयात्रा

इन्दौर, 26 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना के तहत शुक्रवार को इंदौर से 32 तीर्थ यात्रियों का जत्था हवाई जहाज द्वारा शिर्डी के लिए रवाना हुआ। ये सभी तीर्थयात्री देवास जिले के थे। तीर्थयात्री भक्तिमय माहौल में भजन गाते और भजन की धुनों पर झूमते हुए रवाना हुए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन सभी तीर्थयात्रियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा शुभकामनाएं दीं। सभी यात्रियों ने भाव विभोर होकर मुख्यमंत्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना के अंतर्गत शिर्डी जाने के लिए देवास के ये सभी बुजुर्ग तीर्थयात्री सुबह 10 बजे इंदौर एयरपोर्ट के ओल्ड टर्मिनल पर पहुंचे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, पूर्व विधायक राजेश सोनकर, गौरव रणदिवे और कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने पुष्पहार पहनाकर तीर्थयात्रियों का स्वागत किया।

एयरपोर्ट इंदौर में उत्साह का अद्भुत माहौल रहा। भावविभोर होकर तीर्थयात्री अपने आप को भजन गाने और भजन की धुनों पर झूमने से रोक नहीं पाए। उन्होंने एक-दूसरे के सुर से सुर मिलाकर भजन गाए और पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। सभी तीर्थयात्री आध्यात्मिक भावना से ओतप्रोत थे। पहली बार हवाई जहाज से यात्रा करने पर वे रोमांचित भी थे। यात्रियों ने हवाई जहाज से तीर्थयात्रा कराए जाने पर मुख्यमंत्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है।

हवाई जहाज की यात्रा से बेहद प्रफुल्लित और रोमांचित रहे बुजुर्ग यात्री

तीर्थयात्री रमेशचन्द्र राठौर ने कहा कि मैं बेहद रोमांचित हूं कि हवाई जहाज से शिर्डी की यात्रा पहली बार करूंगा। धन्य हैं हम बुजुर्ग कि मुख्यमंत्री चौहान हमारा पूरा ध्यान रखे हुए हैं। हम बुजुर्गों को तीर्थयात्रा करवा कर वे आज के श्रवण कुमार की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जी हमेशा यशस्वी रहें और दीर्घायु भी रहें। इसी तरह केशरबाई भी बेहद खुश है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री जी ने हमें यात्रा करवा कर बहुत पुण्य का काम किया है। हम उनके आभारी हैं। इसी तरह ग्राम चपलासा के भारमल पुत्र गोपी तथा खातेगांव के अमर सिंह ने भी मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि तीर्थ पर भेजकर मुख्यमंत्री जी ने हमारी सेवा की है। हमारा फर्ज बनता है कि हम भी उनकी सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहें। इसी तरह देवास के रहने वाले अब्दुल गफ्फार भी बेहद खुश और कृतज्ञ हैं। इनका कहना है कि मुख्यमंत्री जी ने हमारा भी ध्यान रखा और साईं बाबा के दर्शन के लिए शिर्डी भेजा। सबसे बड़ी बात यह है कि हमारी यात्रा हवाई जहाज से हो रही है। ऐसा तो हमने कभी सोचा भी नहीं था। आज हमें अकल्पनीय सौगात मिली है।

मुख्यमंत्री ने तीर्थ-यात्रियों से किया वर्चुअल संवाद

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह अपने निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर देवास के 32 बुजुर्ग तीर्थ-यात्रियों को शिर्डी तीर्थयात्रा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा अब हवाई जहाज से भी प्रारंभ की गयी है। राज्य शासन ने अब पति-पत्नी को एक साथ विमान से तीर्थ-दर्शन के लिए योजना के नियमों में आवश्यक संशोधन की पहल भी की है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वर्ष 2013 में मध्य प्रदेश में तीर्थ-दर्शन योजना बनाई गई थी। योजना में अब हवाई जहाज से यात्रियों को भेजने की शुरूआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अनेक ऐसी योजनाएँ संचालित की हैं, जिनसे नागरिकों को आत्म-सुख प्राप्त हो। अयोध्या में श्रीराम मंदिर परिसर के विकास के साथ ही उज्जैन में श्रीमहाकाल महालोक, सलकनपुर में देवीलोक सहित चित्रकूट, ओरछा और जामसांवली जैसे धार्मिक स्थलों पर विभिन्न सुविधाएँ बढ़ाई जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आसानी हो सके। तीर्थ-दर्शन योजना में पहले रेल से ही यात्रियों को भेजा जाता था। अब हवाई जहाज द्वारा भी तीर्थयात्रा की सुविधा प्रारंभ की गई है। राज्य शासन ने अब पति-पत्नी को एक साथ विमान से तीर्थ दर्शन के लिए योजना के नियमों में आवश्यक संशोधन की पहल भी की है। मुख्यमंत्री ने शिर्डी जा रहे तीर्थयात्रियों की सफल यात्रा की कामना करते हुए सहयोग के लिए साथ जा रहे अधिकारी-कर्मचारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/संजीव

Updated On 26 May 2023 7:42 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story