चम्पावत, 26 मई (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) दो दिवसीय जनपद चम्पावत भ्रमण हैं। राज्यपाल ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह भण्डारी से चम्पावत में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।

इस दौरान जिलाधिकारी ने राज्यपाल को अवगत कराया कि जनपद चम्पावत को आदर्श चम्पावत बनाया जा रहा है। जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में अनेक विकास कार्य किये जा रहे हैं। जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाए जाने के लिए अनेक कार्य किये जा रहे हैं। डीएम ने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों पर शुलभ इंटरनेशनल द्वारा निर्मित शौचालयों का सुधारीकरण का कार्य किया गया है। इस पर राज्यपाल ने कहा कि देश के विभिन्न बड़े शहरों में मल्टीपर्पज शौचालय बनाए जा रहे हैं। यहां भी ऐसे शौचालय बनाए जाएं। उसके दो मंजिले में कैफे आदि बनाए जाए, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस पर राज्यपाल ने इसे गंभीर विषय बताते हुए इसकी रोकथाम हेतु विशेष रूप से युवा जो इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं उन्हें इस नशे से बाहर निकालने तथा नशे की रोकथाम के लिए विशेष कार्य व अभियान चलाने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने कहा कि चम्पावत से सुन्दर जगह कोई नहीं है। यहां की प्राकृतिक सौन्दर्यता अपने आप में अलग है। यहां के लोग भी बहुत व्यावहारिक हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत जिला पर्यटन का एक बेहतर डेस्टिनेशन है। इसमें बेहतर प्रचार-प्रसार किया जाए। यहां पर पर्यटन गतिविधियों व सुविधाओं के साथ-साथ इको टूरिज्म को भी बढ़ाया जाए। इसके साथ ही स्कूल ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल में दाखिला अवश्य कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजीव मुरारी /वीरेन्द्र

Updated On 26 May 2023 7:38 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story