रुद्रप्रयाग, 26 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि केन्द्र सरकार के सफल 9 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने तक महा जनसंपर्क अभियान चलाएगी। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर हर शक्ति केन्द्र प्रभारी, बूथ प्रभारी एवं पन्ना प्रभारी से अभी से तैयार रहने का आह्वान किया है।

केदारनाथ विधानसभा के पांच मण्डलों की संयुक्त कार्यकारिणी की अगस्त्यमुनि में आयोजित बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार को यह बातें कही। महेन्द्र भट्ट ने कहा कि अगस्त्यमुनि में महा जनसंपर्क अभियान के तहत अलग-अलग तिथियों पर 14 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। 23 जून को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभी बूथों के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसी के साथ उन्होंने हर मण्डल अध्यक्ष से हर बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुनने निर्देश दिए।

बैठक में केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। प्रदेश सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला प्रभारी ऋषि कण्डवाल ने कहा कि महाजनसम्पर्क अभियान के तहत आगामी दिनों में 14 विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनके माध्यम से कार्यकर्ता केन्द्र सरकार के सफल 9 वर्षों की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/वीरेन्द्र

Updated On 26 May 2023 7:26 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story