पलवल, 26 मई (हि.स.)। पलवल में एक व्यक्ति अपनी पत्नी की मौसी को लेकर फरार हो गया। पत्नी के जीवित रहते हुए उसने दूसरी शादी कर ली। विरोध करने पर वह पत्नी को जान से मारने की धमकी दे रहा है। शुक्रवार को पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर उसके पति व उसकी मौसी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मिंडकोला गांव निवासी एक विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी वर्ष 2021 में नांगल जाट गांव निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया, जो अब डेढ़ वर्ष की है। उसने बताया कि 18 मई को उसका पति उसके रिश्ते में मौसी लगने वाली महिला के साथ भाग गया। उसकी मौसी भी पहले से शादीशुदा है। अब उसके पति ने उसकी मौसी से शादी कर ली है। उसके दहेज का सारा सामान व सोने-चांदी के आभूषण उसके पति ने अपने कब्जे में ले लिए। वह 18 मई से उसकी मौसी के साथ अज्ञात स्थान पर छिप कर रह रहा है।

विवाहिता ने बताया कि जब उसने अपने पति को दूसरी शादी करने से रोका तो उसने धमकी दी कि अगर कोई कानूनी कार्रवाई की तो, उसे जान से खत्म कर देगा। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने शादीशुदा होत हुए दूसरी शादी करके कानूनी अपराध किया है और मेरी व मेरी बच्ची की जिंदगी खराब कर दी। हथीन थाना प्रभारी मनोज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पत्नी की शिकायत पर उसके पति व उसकी मौसी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ गुरुदत्त/सुमन/संजीव

Updated On 26 May 2023 6:53 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story