भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री समेत प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने की पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से चर्चा

भोपाल, 26 मई (हि.स.)। पिछड़ा वर्ग की विकास केन्द्रित योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन को लेकर मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने नए आयाम स्थापित किए हैं। पिछड़ा वर्ग सशक्तीकरण के लिए पूरे देश में मध्यप्रदेश ने एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। सरकार के इन सभी प्रयासों को उक्त समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आप लोगों की है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पिछड़ा वर्ग मोर्चा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कही।

पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानन्द जी, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन, आयोग की सदस्य कृष्णा गौर और पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत बैठक में मंचासीन थे।

केंद्र और राज्य सरकार ने पिछड़ा वर्ग के लिए जो काम किये उसे नीचे तक ले जाएं : शिवप्रकाश

पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग के सम्मानजनक प्रतिनिधित्व सहित उनके सामाजिक, आर्थिक विकास के लिए गंभीरता और प्राथमिकता से सभी कदम उठा रही है। वहीं, केंद्र की मोदी सरकार भी गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से पिछड़ा वर्ग के उत्थान का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से देश के 20 हजार गांवों में पहली बार बिजली पहुंची है, इसका लाभ गरीब पिछड़ा वर्ग के लोगो को भी मिला है। वहीं मोदी सरकार ने नीली क्रांति के लिए 20 हजार करोड़ का पैकेज दिया है। यह सब बातें हमें समाज में नीचे तक ले जाने की आवश्यकता है।

प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर पर बनाएं कार्ययोजना : मुरलीधर राव

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार ने पिछड़ा वर्ग कल्याण के लिए सबसे अधिक काम किये हैं। सरकार की योजनाओं से बड़ी संख्या में पिछड़ा वर्ग के लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग ने हमेशा भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास व्यक्त किया है। आने वाले चुनावों में भी पिछड़ा वर्ग समाज का अधिक से अधिक सहयोग और समर्थन मिले इसके लिए मोर्चा कार्ययोजना बनाए। राव ने प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर पर कार्यक्रमों की कार्ययोजना बनाने और पिछड़ा वर्ग समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क करने की बात कही।

भाजपा के पास पिछड़ा वर्ग की बड़ी ताकत : विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 64 हजार बूथों में से 63 हजार 600 से अधिक बूथ डिजिटल हो चुके हैं। इनमें से 53 प्रतिशत बूथ अध्यक्ष हमारे पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता हैं। हाल ही में संपन्न हुए ग्रामीण निकाय और नगरीय निकाय के चुनावों में भी पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में चुनकर आये हैं। नीचे तक विभिन्न क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता नेतृत्व कर रहे हैं। प्रदेश में पिछड़ा वर्ग की इतनी बड़ी ताकत हमारे पास है, इस ताकत का उपयोग करते हुए हमें सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को नीचे तक ले जाने का काम करना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई जमीन नहीं है। कांग्रेस ने कभी भी पिछड़ा वर्ग का भला नहीं किया। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत में पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बड़ी भूमिका रहेगी। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि चुनाव की दृष्टि से पार्टी नेतृत्व ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा को कार्यक्रम सौंपे हैं, मोर्चा इन सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने में प्राणपण के साथ जुटेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव/मयंक

Updated On 26 May 2023 6:38 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story