प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा- मोदी जी देश की जनता के हृदय में

भोपाल, 26 मई (हि.स.)। वैश्विक नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान सम्मान बढ़ रहा है, तो कांग्रेस को परेशानी है। 75 वर्षों के इतिहास में कोरोना के समय प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में देश के वैज्ञानिकों ने स्वदेशी वैक्सीन बना कर भारत ही नहीं दूसरे देशों में भी महामारी रोकने में बड़ा योगदान दिया है। वहीं, कांग्रेस ने इसे मोदी वैक्सीन बताकर उपहास उड़ाया था। आज प्रधानमंत्रीजी की बढ़ रही ख्याति और देश के सम्मान से कांग्रेसी को परेशानी होती है, इसलिए बौखला रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को अपने निवास पर मीडिया से चर्चा करते हुए कही।

कांग्रेस ने किया था राष्ट्रपति जी का अपमान

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि मोदी जी गरीब के जीवन को बदलने का काम कर रहे हैं। संसद हमारी आस्था का केंद्र है, लोकतंत्र का मंदिर है। भारत की नई संसद का कांग्रेस को सम्मान करना चाहिए। कांग्रेस को इस बात को लेकर प्रसन्नता जतानी चाहिए, लेकिन कांग्रेस केवल विरोध ही कर रही है। जिसका न कोई कारण है और न आधार। यह दुर्भाग्यजनक है।

आज देश में सकारात्मक राजनीति के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को जब पूरा देश और दुनिया प्रोत्साहित कर रही है तो कांग्रेस को इस बात का भी कष्ट है, लेकिन प्रधानमंत्री नए संसद भवन का भव्य उद्घाटन 28 तारीख को करेंगे। शर्मा ने कहा कि देश में राष्ट्रपति जी का कांग्रेस और उसके नेता अधीर रंजन ने जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग कर अपमान किया है, उसे पूरा देश जानता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के 75 वर्षों बाद एक अनुसूचित जनजाति की साधारण बहन को देश का राष्ट्रपति बनाने का गौरवमयी निर्णय लिया।

भारत ने प्रधानमंत्री के अगुवाई में दुनिया का नेतृत्व करना प्रारंभ किया

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ साल में भारत के 140 करोड़ लोगों का मन और मस्तिष्क गर्व से ऊॅंचा हुआ है। अमेरिका सहित कई राष्ट्र अध्यक्ष प्रधानमंत्रीजी से कहते हैं कि मेरे देश में आपकी बहुत लोकप्रियता है इसलिए मैं आपके साथ सेल्फी लेना चाहता हॅूं। भारतीय संस्कृति के अनुरूप कोई राष्ट्र अध्यक्ष भारत के प्रधानमंत्री का सम्मान करे तो यह 140 करोड़ लोगों का सम्मान है।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव/मयंक

Updated On 26 May 2023 6:34 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story