बेगूसराय, 26 मई (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने आज नौ वर्ष पूरे कर लिए। यह नौ वर्ष भारत के स्वर्णिम विकास का नववर्ष है।

शुक्रवार को सिमरिया में आयोजित बरौनी पश्चिमी ग्रामीण मंडल भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के मूल मंत्र पर चलते हुए ना केवल देश में सभी क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास किए गए। बल्कि दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार में हर ओर कार्य किए गए। जिसमें सबसे अधिक विकास कार्य भाजपा बरौनी ग्रामीण पश्चिमी मंडल क्षेत्र में किया है। इस मंडल के सिमरिया धाम को अब विकास स्थली के रूप में जाना जाएगा। सिमरिया में गंगा नदी पर सिक्सलेन सड़क पुल, डबल ट्रैक रेल पुल, राजेन्द्र पुल की मरम्मत, फोरलेन सड़क निर्माण, खाद कारखाना का निर्माण एवं एनटीपीसी का विस्तार हुआ।

कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के बदौलत ही जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनमानस को मिल रहा है। उन्होंने जून में पार्टी के महा जनसंपर्क अभियान में भारत सरकार के विकास योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की अपील किया।

बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजा पासवान एवं संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष राहुल राज ने किया। बैठक को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर, पूर्व विधायक ललन कुंवर, जिला महामंत्री कुंदन भारती, उपाध्यक्ष विकास कुमार, सुनील सिंह, उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन पप्पू, मृत्युंजय कुमार वीरेश एवं रौनक कुमार ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

Updated On 26 May 2023 6:20 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story