गंगटोक, 16 फरवरी (हि.स.)। उत्तरी सिक्किम के लाचुंग में तैनात भारतीय सेना की 8वीं मद्रास रेजीमेंट के जवान रजत कुमार अपने बैरक में मृत मिलने से सनसनी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि जवान ने अपनी स्नाइपर रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। मृतक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा का रहने वाला था। अभी आत्महत्या करने का कारण सामने नहीं आया है।

स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को बताया कि सैनिक सीएफएन रजत कुमार भारतीय सेना की 8वीं मद्रास रेजीमेंट के जवान थे और उत्तरी सिक्किम के लंका, लाचुंग में तैनात थे। उन्हें बुधवार दोपहर को लाचेन के एक बैरक (बंकर) में मृत पाया गया। 29 वर्षीय जवान बटालियन की स्नाइपर टीम का हिस्सा थे और 10 फरवरी, 2023 से स्नाइपर फायरिंग प्रतियोगिता के लिए बंकर में थे। पुलिस ने बताया कि फायरिंग प्रतियोगिता 14 फरवरी को समाप्त हुई। 15 फरवरी को कुमार को बैरक में तैनात किया गया और अन्य जवान फायरिंग रेंज से टार्गेट लेने गए थे। जब जवान वापस आए तो कुमार खून से लथपथ पड़े थे। जवानों ने उन्हें तुरंत एमआई रूम ले गए लेकिन चिकित्सा अधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आशंका जताई जा रही है कि रजत कुमार ने बैरक में अकेले होने पर अपनी स्नाइपर राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से एक स्नाइपर रायफल और खाली कारतूस बरामद किया गया है। लाचेन पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक जवान हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के छोटो बही का रहने वाला था।

हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल

Updated On 22 March 2023 2:39 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story