मंदिर की नींव के लिए 46 लेयर का काम पूरा

अयोध्या,16 सितम्बर (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मन्दिर निर्माण के लिए मंदिर की गर्भ गृह के नींव में अब तक 46 लेयर का कार्य पूरा हो चुका है, जिसे मीडिया के लोगों ने गुरुवार को अवलोकन किया।

इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय, ट्रस्टी महंत दिनेन्द्र एवं ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा तथा इंजीनियरों की टीम मौजूद रही। ट्रस्ट की ओर से अब तक हुए पूरा कार्य को देखने के लिए मीडिया को आमंत्रित किया गया था।

उल्लेखनीय है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का भगवान प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी की कृपा से न्यास क्षेत्र द्वारा एलएण्डटी कम्पनी की देखरेख में निर्माण कराया जा रहा है तथा यह कार्य बहुत तेजी से हो रहा है। निर्माण स्थल पर जहां गर्भगृह है वहां पर एक केसरियां रंग का ध्वज भी लगा हुआ है।

श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य को देखने के लिए पत्रकारों को लम्बे समय से अभिलाषा थी जिसे ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आज पूरा कराया। इस दौरान सभी मीडिया कर्मियों ने ट्रस्ट एवं जिला प्रशासन को आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर महामंत्री चम्पत राय ने बताय कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण पर हो रहे काम को लेकर पूरे देश में उत्साह है और सभी लोग यहां पर हो रहे कार्य के पल-पल की जानकारी को जानने के लिए उत्सुक हैं। जिसको लेकर ट्रस्ट समय-समय पर पूरे देश को निर्माण की प्रगति से अवगत कराता रहता है। आज पत्रकार बन्धुओं की बारी थी। कहाकि मुझे पूर्ण विश्वास है कि यहां से ली गई वीडियो फोटोग्राफ को देखकर राम भक्त आह्लादित होंगे।

कहाकि जिस समय रामलला का दरबार बंद रहता है उस समय दोपहर को मीडिया कर्मियों को राम जन्मभूमि परिसर में जहां पर निर्माण का कार्य हो रहा है, उसे देखने के लिए आमंत्रित किया गया था। निश्चित समय पर हो रही भारी बारिश के बीच पत्रकारों ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति को अपनी आंखों से देखा और लाइव प्रसारण किया। भूमि पूजन के बाद पहली बार पत्रकारों को कार्यस्थल पर जाने की अनुमति दी गई थी।

मंदिर के लिए 48 लेयर की बनेगी नींव

निर्माण स्थल पर उपस्थित ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर निर्माण की नींव भराई का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। मंदिर निर्माण के नींव में अब तक 46 लेयर पड़ चुकी है। इस कार्य में कुल 48 लेयर डाली जानी है। नींव भराई का काम पूरा होने के बाद इसमें राफ्ट का निर्माण होगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 के दिसंबर माह तक मंदिर में रामलला का दर्शन भक्तों को प्राप्त होने लगेगा। उन्होंने मंदिर के आकार प्रकार के विषय में बताया कि मंदिर तीन मंजिला होगा ।गर्भ गृह में रामलला तो दूसरे तल पर राम दरबार विराजित होगा। मंदिर का परकोटा साढ़े 6 एकड़ में बनाया जाएगा। मंदिर में 3 तरीके के पत्थरों का इस्तेमाल होगा।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी लिया जायजा

सूूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अयोध्या मंडल उपनदेशक डा. मुरलीधर सिंह ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव तथा अन्य सदस्यों द्वारा मीडिया कर्मियों की मांग पर आज राम जन्मभूमि परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का अवलोकन कराया गया।

भ्रमण के पूर्व जिलाधिकारी अनुज कुमार झा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों तथा ट्रस्ट के सदस्यों एवं अन्य अधिकारियों के साथ श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र का भ्रमण किया गया। इसके बाद भीषण बरसात के बावजूद लगभग 4 दर्जन से ज्यादा प्रिंट, इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों ने श्रीराम जन्मभूमि परिसर के नींव व आधार तक के निर्माण का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त अवसर पर न्यास के सहयोग के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों एवं सूचना विभाग के अधिकारियों के लिए ड्यूटी लगायी गयी थी। जिसमें प्रमुख रूप से श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्राधिकारी, उपनिदेशक सूचना डा0 मुरलीधर सिंह, आरएमओ व विशेष अधिकारी अर्जुन देव, विहीप मीडिया प्रभारी शरद शर्मा प्रभारी निरीक्षक, थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।

पत्रकारों के लिए क्रॉसिंग 2 से आने जाने की थी व्यवस्था

सभी का प्रवेश क्रासिंग नम्बर 2 से हुआ और पुनः सभी का उसी गेट से वापसी भी हो गयी। न्यास क्षेत्र द्वारा उक्त भ्रमण में भाग लेने वाले मीडिया कर्मियों एवं शासकीय कर्मियों को प्रसाद भी दिया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि भविष्य में समय-समय पर मीडियाकर्मियों को श्रीराम जन्मभूमि निर्माण की प्रगति से ऐसे ही अवगत कराया जाता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/पवन पाण्डेय

Updated On 23 Sep 2023 3:31 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story