धर्मशाला, 30 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएचपी) ने हाल ही में जारी (प्रकृति सूचकांक) में सभी भारतीय अनुसंधान संस्थानों, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के बीच भौतिक विज्ञान में 24वें स्थान पर उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय विवि के भौतिकी और खगोलीय विज्ञान विभाग के डा. आयान चटर्जी के मार्गदर्शन में शोधार्थी सुरेश चंद के द्वारा लिखित शोध पत्र ने विवि को यह उपलब्धि दिलवाई है। सुरेश चंद मूलतः जिला चंबा के गांव लाहड़ी के रहने वाले हैं। उन्होंने स्नातक और पीएचडी केन्द्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश से की है और यहीं के शोधार्थी हैं।

सीयूएचपी के फैकल्टी और छात्र इस रैंकिंग पर स्वाभाविक रूप से उत्साहित हैं। सुरेश चंद के अनुसार नेचर इंडेक्स डेटाबेस दुनिया भर में उच्च गुणवत्ता वाले वैज्ञानिक अनुसंधान प्रकाशनों और सहयोगों को ट्रैक करता है। यह सूचकांक किसी विशेष संस्थान के वैज्ञानिक अनुसंधान की तुलना क्षेत्र, देश या दुनिया में अन्य के साथ करने के लिए वस्तुनिष्ठ परिमाणक प्रदान करता है। भौतिक विज्ञान खंड में नवीनतम सूचकांक में, एचबीएनआई आईआईएससी, और कुछ आईआईटी को शेयर के मामले में शीर्ष स्थान पर रखा गया है, जबकि हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय को 24वां स्थान मिला है। नेचर इंडेक्स सूची में केन्द्रीय विश्वविद्यालय से तीन रिसर्च पेपर को चुना गया है जिनमें से उनके दो पेपर्स चुने गये हैं जिनमें से एक पेपर सुरेश का सिंगल ऑथर है और दूसरा पेपर उनके पीएचडी के पर्यवेक्षक डॉ. आयान चटर्जी के साथ है।

उधर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने इस उपलब्धि पर भौतिकी और खगोलीय विज्ञान विभाग में डॉ. आयान चटर्जी और शोधार्थी सुरेश चंद को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां केंद्रीय विश्वविद्यालय को नई उंचाइयों पर लेकर जाएंगी। शोध कार्यों से ही विवि की पहचान बनती है। यह उपलब्धि अन्य छात्रों और प्राध्यापकों के लिए एक उदाहरण है। निश्चित तौर पर शोधार्थी इससे प्रोत्साहित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील

Updated On 22 March 2023 12:31 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story