मनप्रीत बादल को कानूनी सुरक्षा मांगने की बजाय सच का सामना करने की चुनौती

चंडीगढ़, 25 सितंबर (हि.स.)। पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर तंज़ कसते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों को ईमानदारी का पाठ पढ़ाने वाले अब कानून के शिकंजे से बचने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं।

सोमवार को यहां जारी एक बयान में मुख्यमंत्री मान ने कहा कि सच बोलने और सच पर पहरा देने में बहुत फर्क होता है। उन्होंने कहा कि पहले यह नेता अक्सर कहा करते थे कि उनके खि़लाफ़ जो भी कार्रवाई होगी, वह उसका सामना करेंगे। मान ने कहा कि अब कानूनी कार्रवाई के डर से यह नेता गिरफ़्तार होने के डर से कानूनी सुरक्षा मांग रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पाखंडी नेताओं ने हमेशा लच्छेदार भाषणों से लोगों को मूर्ख बनाया। उन्होंने कहा कि लोक सेवा की आड़ में इन नेताओं ने राज्य के खजाने को लूटा, जिसको किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नेताओं को अपने गुनाहों का हिसाब देना पड़ेगा और सरकार के खजाने का एक-एक पैसा वसूल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री को ईमानदारी और सादगी के बड़े दावे करने की बजाय कानूनी कार्यवाही का सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समूचा पंजाब पूर्व वित्त मंत्री के बुरे कारनामों से भली- भाँति वाकिफ़ है। उन्होंने कहा कि मनप्रीत बादल का लम्बे समय तक वित्त मंत्री होते हुए लोगों का खजाना लूटने वाले लोगों के साथ साठ-गांठ रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि मनप्रीत के वित्त मंत्री होते हुए लोगों के कल्याण के लिए खजाने खाली होते थे, परन्तु कुछ लोगों को सरकार के खजाने के पैसों की अंधी लूट की छूट थी।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

Updated On 26 Sep 2023 12:10 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story