सरकार-उद्योगपति मिलनी कार्यक्रम में शामिल हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री

लुधियाना, 15 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निरंतर प्रयासों से पंजाब से उद्योगों के पलायन पर रोक लगी है। अन्य राज्यों में जाने वाली इंडस्ट्री वापस पंजाब में आना शुरू कर दिया है। इससे औद्योगिक यूनिट राज्य में शिफ्ट होने लगे हैं।

शुक्रवार को सरकार-उद्योगपति मिलनी कार्यक्रम में उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ महीनों के दौरान 450 उद्योग अन्य राज्यों से पंजाब में शिफ्ट हो चुके हैं। इससे पहले उद्योगों का अन्य राज्यों की ओर जाने का रुझान था, जो पंजाब की ओर मुड़ गया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भगवंत सिंह मान की सरकार सत्ता में आने से औद्योगिक क्षेत्र में अच्छा माहौल मिला। पिछली सरकारों की हुकूमत के दौरान उद्योगपति फिरौती मांगने के व्यवस्था से बुरी तरह से ऊब चुके थे। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने अमन-कानून की बेहतर व्यवस्था देने के साथ-साथ सुखद माहौल देकर उद्योगपतियों का भरोसा बहाल किया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में देशभर में केवल पंजाबी ही चीन के एकाधिकार तोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी उद्योगपतियों का किसी अन्य राज्य के साथ कोई मुकाबला नहीं, बल्कि उनको औद्योगिक तरक्की में चीन को पछाडऩे के लिए यत्न करने चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि यह यत्न करने का अब सबसे उपयुक्त मौका है क्योंकि पंजाब की सरकार हरेक तरह की मदद के लिए तैयार है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर आधारित टास्क फोर्स का गठन करने की वकालत की। केजरीवाल ने कहा कि राज्य सरकार के संजीदा यत्नों के स्वरूप राज्य में 50,840 करोड़ रुपये का निवेश आया है। निवेश करने के लिए औद्योगिक दिग्गज आ रहे हैं, जिनका राज्य सरकार ज़ोरदार स्वागत कर रही है। इस प्रयास से राज्य में रोजग़ार के 2.25 लाख अवसर पैदा होंगे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मिलनी वोटें मांगने के लिए नहीं है बल्कि यह भरोसा दिलाने के लिए की गई है कि हम उद्योगों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस मिलनी का उद्देश्य राज्य के स्थानीय उद्योग का 10 गुना विस्तार होगा। अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से उद्योगपतियों का एजेंडा राज्य में उद्योग को बढ़ावा देने में सहायक होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

Updated On 16 Sep 2023 12:15 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story