लखनऊ,19 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) उत्तर प्रदेश की समन्वय बैठक मंगलवार को लखनऊ में चिनहट स्थित होटल आयुष्मान ग्रैंड में संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी,प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल बैठक में मौजूद रहे।

संघ के सह सरकार्यवाह अरूण कुमार ने कहा सरकार व संगठन में बेहतर तालमेल आवश्यक है। सरकार व संगठन में तालमेल बना रहे इसके लिए आवश्यक है समन्वय बैठकें नियमित अंतराल पर होती रहें। इससे अगर कहीं कोई समस्या है तो उसका समाधान निकल आता है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सरकार व जनसंगठनों के बीच बेहतर तालमेल पर बल दिया।

बैठक में प्रदेश सरकार के कामकाज की समीक्षा के अलावा 2024 को लेकर रणनीति पर चर्चा की गयी। क्योंकि 2024 भाजपा और संघ दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। क्योंकि 2024 में देश में लोकसभा चुनाव होने हैं। इसलिए भाजपा तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनाने को लेकर फिक्रमंद है तो वहीं शताब्दी वर्ष को देखते हुए संघ के लिए भी 2024 का साल बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि 2025 में संघ स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण हो रहे हैं लेकिन अभी भी सभी मण्डलों में संघ का काम नहीं पहुंचा है। इसलिए शताब्दी वर्ष से पहले संघ मण्डल स्तर तक अपनी पहुंच बनाना चाहता है। इसके लिए संघ ने बड़ी संख्या में अल्पकाल के लिए शताब्दी विस्तारक भी निकाले हैं। इसके अलावा लोकसभा चुनाव से पहले संघ परिवार सम्पूर्ण देश के हिन्दुओं को अयोध्या से जोड़ने की तैयारी में है।

अयोध्या में श्रीराम मंदिर के उद्घाटन जनवरी 2024 में प्रस्तावित है। इसलिए राम मंदिर के उद्घाटन से अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने के बिन्दुओं पर भी चर्चा की गयी। बैठक में सभी संगठनों को विश्व हिन्दू परिषद की ओर से निकाली जा रही शौर्य जागरण यात्रा में सहयोग करने की बात कही गयी।

महिला सहभाग बढ़ायेगा संघ

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ वैसे महिलाओं के बीच राष्ट्र सेविका समिति के नाम से काम करता है। लेकिन उनकी संख्या के अनुपात में संगठन से जुड़ने वाली महिलाओं की संख्या काफी कम है। इसलिए सभी क्षेत्रों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए सभी संगठन मिलकर काम करेंगे। महिलाओं के प्रबोधन के लिए संघ विभागस्तर पर महिला सम्मेलन करेगा। इस सम्मेलन में समाज व सभी संगठनों से जुड़ी महिलाओं को बुलाया जायेगा।

संघ की ओर उत्तर प्रदेश के सभी छ: प्रान्तों के प्रान्त संघचालक, प्रान्त प्रचारक, सह प्रान्त प्रचारक, प्रान्त कार्यवाह और सह प्रान्त कार्यवाह उपस्थित रहे। वहीं दोनों क्षेत्रों के क्षेत्रीय टोली जिसमें क्षेत्र प्रचारक, क्षेत्र संघचालक व क्षेत्रकार्यवाह सह सहित उपस्थित रहे। इसके अलावा विविध संगठनों के दोनों क्षेत्रों के क्षेत्र स्तर के पदाधिकारी व प्रदेश पदाधिकारी जिसमें अध्यक्ष,महामंत्री व संगठन मंत्रियों ने सहभागिता की।

इन संगठनों के पदाधिकारियों ने की शिरकत

बैठक में भाजपा व संघ के पदाधिकारियों के अलावा राष्ट्र सेविका समिति, विश्व हिन्दू परिषद, भारतीय किसान संघ,विद्या भारती,भारतीय शिक्षण मण्डल, वनवासी कल्याण आश्रम और सक्षम सहित करीब तीन दर्जन संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र, पूर्वी उत्तर प्रदेश के सह क्षेत्र संघचालक राम कुमार वर्मा,अवध के प्रान्त प्रचारक कौशल,काशी के प्रान्त प्रचारक रमेश,गोरक्ष के प्रान्त प्रचारक सुभाष,कानपुर के प्रान्त प्रचारक श्रीराम जी,ब्रज के प्रान्त प्रचारक हरीश रौतेला,वनवासी कल्याण आश्रम के क्षेत्र संगठन मंत्री मनीराम पाल, हिन्दू जागरण मंच के क्षेत्र संगठन मंत्री शिवमूर्ति,किसान संघ के प्रदेश संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित,विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह और विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री डोमेश्वर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/पदुम नारायण

Updated On 20 Sep 2023 12:01 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story