मुंबई, 19 सितंबर (हि.स.)। मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम ने जल्द पैसा कमाने के लिए टास्क देकर धोखाधड़ी करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से आठ मोबाइल फोन, साढ़े तीन लाख नकद और अन्य सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार किये गए आरोपित लोगों को गूगल मैप्स पर होटलों की रेटिंग करने या यू-ट्यूब वीडियो पसंद करने जैसे काम देकर अंशकालिक काम में लगाने का लालच देते थे।

मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 5 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक घनश्याम नायर के अनुसार इन आरोपितों की पहचान कुलदीप कुमार, विशाल मोहिते, शुभम लोखंडे, आकाश मुजमुले के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि धारावी से एक युवक को फोन आया कि वह टेक्नो फाइव मीडिया इंडस्ट्रीज नाम की कंपनी से बोल रहा है। फोन करने वाले ने युवक से कहा कि अगर वह गूगल मैप पर जाकर होटलों की रेटिंग करेंगे, तो बदले में उन्हें पैसे मिलेंगे। युवक ने इस काम को अंशकालिक नौकरी के रूप में स्वीकार कर लिया।

युवक ने यह कार्य करके धीरे-धीरे करीब 9 लाख 68 हजार रुपये जुटाए, लेकिन जब युवक वास्तव में पैसे निकालने गया तो उसे वॉलेट में यह रकम नहीं मिली। इसके बाद युवक ने धारावी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। अंशकालिक रोजगार के नाम पर धोखाधड़ी को गंभीरता से लेते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने छानबीन शुरू की। बैंक खाते पर प्राप्त विवरण, मोबाइल नंबर के तकनीकी विश्लेषण का अध्ययन करने पर पता चला कि यह धोखाधड़ी लोनावला से की गई थी।

इसके बाद पुलिस लोनावला पहुंची और वहां से मिली जानकारी के आधार पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो व्यक्तियों को पुणे से हिरासत में लिया गया। उनसे मिली जानकारी के मुताबिक अहमदनगर से दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन सभी ने पुलिस को बताया कि उन लोगों ने टास्क के जरिए कई लोगों को ठगा है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/सुनीत

Updated On 20 Sep 2023 12:15 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story