भोपाल, 29 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा शुक्रवार को बागली पहुंची। जिसमें बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ा। क्षेत्र की जनता ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा के प्रभारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की भ्रष्टाचारी सरकार ने आदिवासियों पर झूठे प्रकरण दर्ज करवाये, उनकी जमीनें छीनीं, नवयुवकों को बेरोजगार किया, उन्हें पलायन के लिए मजबूर किया, भाजपा के पूरे शासनकाल में प्रदेश आदिवासियों पर अत्याचार में अव्वल रहा।

भूरिया ने कहा कि केवल आदिवासी ही भाजपाई सत्ता में शिकार नहीं हुए, किसानों को भी इस दौरान कुशासन का शिकार होना पड़ा, उन्हें आत्महत्याओं के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अभी भी शिवराज सरकार किसानों की फसल खराब होने पर उनको मुआवजा नहीं दे रही है। कर्मचारियों को उनका हक नहीं दे रही है, हर वर्ग परेशान है, इसीलिए जनता में यह गहरा आक्रोश दिखाई दे रहा है। भूरिया ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि 2023 के विधानसभा चुनावों में में भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने बड़े-बड़े नेताओं को 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट दिया गया है, उनका जनता से कई वर्षों से कोई संपर्क नहीं रहा है, ऐसे में उनका चुनाव हारना तय है। अब वे चुनाव लड़ने से डरते हैं, उनके मन में घबराहट है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

Updated On 29 Sep 2023 9:19 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story