भोपाल, 29 सितंबर (हि.स.)। भोपाल मंडल में 18.09.2023 से 29.09.20203 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया गया। इस पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों में हिंदी के प्रयोग-प्रसार के लिए हिंदी निबंध प्रतियोगिता, हिंदी टिप्पण-आलेखन प्रतियोगिता, हिंदी वाक प्रतियोगिता एवं हिंदी शुद्ध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पखवाड़े का समापन कार्यक्रम शुक्रवार को नर्मदा क्लब (हबीबगंज) में मण्डल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके साथ ही वर्ष के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को व्यक्तिगत पुरस्कार से नवाजा गया। पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता 26 कर्मचारी, अखिल रेल प्रतियोगिता के विजेता 12 कर्मचारी, वर्ष के दौरान राजभाषा हिंदी में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने हेतु 10 अधिकारी एवं 54 कर्मचारियों सहित कुल 102 अधिकारियों/कर्मचारियोंको पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी ने सभी पुरस्कृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि हम सभी भारत सरकार की राजभाषा नीति का पालन करते हुए ज्यादा से ज्यादा काम हिंदी में करें। उन्होंने सभी शाखा अधिकारियों से अपील की कि वह अपने-अपने विभागों में राजभाषा हिंदी में ज्यादा से ज्यादा काम करने पर जोर दें। कार्यक्रम में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मण्डल रेल प्रबंधक योगेश कुमार सक्सेना, सभी शाखा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेलकर्मी उपस्थित थे। इस अवसर पर एक हास्य कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें कवियों ने अपनी हास्य कविता से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे/मुकेश

Updated On 29 Sep 2023 9:19 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story