भोपाल, 19 सितंबर (हि.स.)। भाजपा द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पांच जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। इन यात्राओं में आज (मंगलवार को) पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि पार्टी की विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा आज छतरपुर जिले के राजनगर से प्रारंभ होकर महाराजपुर, छतरपुर, बिजावर होते हुए बड़ामलहरा पहुंचेगी। यात्रा में केन्द्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव, वरिष्ठ नेता प्रभात झा एवं प्रदेश के जनसम्पर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ला शामिल रहेंगे।

वहीं, महाकौशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा आज सागर के नरयावली से प्रारंभ होकर खुरई, बीना होते हुए बंडा पहुंचेगी। यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुस्कर सिंह धामी एवं प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री भूपेन्द्र सिंह शामिल रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इंदौर संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा का विश्राम रहेगा, जबकि मालवा क्षेत्र की यात्रा बैतूल के करेपानी से प्रारंभ होकर झल्लाद, गुदगांव, साठनेर, बिसनूर, पट्टन होते हुए मुलताई पहुंचेगी। यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल एवं ओपीएस भदौरिया शामिल रहेंगे।

इसी तरह ग्वालियर-चंबल संभाग की यात्रा आज विदिशा के गंजबासौदा से प्रारंभ होकर पचमा, बड़गांव, गुलाबगंज, सौंजना, सनमन, मिर्जापुर होते हुए विदिशा नगर पहुंचेगी। यात्रा में प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, संस्कृति उषा ठाकुर शामिल रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

Updated On 20 Sep 2023 12:15 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story