भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद ने दी गणेश उत्सव की शुभकामनाएं

भोपाल, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने श्री गणेश उत्सव के अवसर पर प्रदेश के नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि वास्तव में गणपति जी जन-जन के भीतर विराजमान हैं। गणेशोत्सव के आयोजन का उद्देश्य गणेश जी के सर्वव्यापी होने का अहसास कराना है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी की आराधना के इस उत्सव के दौरान प्रदेश के सभी नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी रखने का आग्रह किया है।
प्रदेश कार्यालय में होगी गणेश प्रतिमा की स्थापना
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में 19 सितम्बर को भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गणेश चतुर्थी पर मंगलवार को दोपहर 1 बजे विधि विधान से पूजा-अर्चना के साथ गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की जायेगी। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश
