- बलूचिस्तान की दो मस्जिदों में तीन धमाके, राज्य में तीन दिन का शोक

- खैबरपख्तूनख्वा में रॉकेट से हमला कर विस्फोट, चार सैनिकों की मौत

- दो सौ से अधिक लोग हुए घायल, अस्पतालों में आपातस्थिति का ऐलान

इस्लामाबाद, 29 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तान में ईद मिलादुन्नबी का पर्व दुखों का सैलाब लेकर आया है। बलूचिस्तान व खैबरपख्तूनख्वा में हुए चार धमाकों में दो पुलिस अफसरों सहित 80 लोगों की मौत हो गयी है और 200 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

पाकिस्तान में ईद मिलादुन्नबी पर बलूचिस्तान व खैबरपख्तूनख्वा प्रांतों में दो मस्जिदों के पास हुए धमाकों और बलूचिस्तान के झोब में रॉकेट से हमला कर हुए धमाकों में 80 लोगों की जान गयी है। बलूचिस्तान के मस्तुंग में शुक्रवार को लोग ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान अल-फलाह मस्जिद के पास जुलूस के बीच में एक आत्मघाती हमलावर ने घुस कर साथ चल रही पुलिस उपाधीक्षक नवाज गिश्कोरी की गाड़ी के पास धमाका कर दिया।

मस्तुंग के उपायुक्त अब्दुल रज्जाक ससोली ने कहा कि मदीना मस्जिद से सैकड़ों लोगों का एक जुलूस निकला और जैसे ही यह अल फलाह मस्जिद के पास पहुंचने पर एक आत्मघाती हमलावर ने इसे निशाना बनाया। धमाका इतना तेज था कि कई किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी। धमाका होते ही वहां भगदड़ मच गयी। लोग इधर-उधर भागे और अफरा-तफरी में एक दूसरे को कुचलने भी लगे। जुलूस की सुरक्षा में तैनात पुलिस उपाधीक्षक सहित 72 लोगों की मौत हुई है।

कराची के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक खादिम हुसैन रिंद ने पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार हादसे में 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। धमाके के बाद पहुंचे राहत कर्मियों को भयावह दृश्य देखने को मिले। दूर-दूर तक शव पड़े थे। जहां कुछ देर पहले धार्मिक नारे सुनाई दे रहे थे, वहां घायलों की चीखें गूंज रहीं थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें कुछ की हालत अत्यधिक गंभीर है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। आसपास के अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गयी है। गंभीर रूप से घायलों को क्वेटा स्थानांतरित किया जा रहा है।

बलूचिस्तान में ही एक अन्य घटना में चार पाकिस्तानी सैनिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। बलूचिस्तान के झोब में पाकिस्तानी सैनिकों को निशाना बनाकर रॉकेट से हमला किया गया। इस रॉकेट हमले के कारण तेज धमाका हुआ और चार सैनिकों को जान गंवानी पड़ी। कुछ सैनिक जख्मी भी हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बलूचिस्तान के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अली मर्दन डोमकी ने घटना की निंदा की और विस्फोट की जांच के आदेश दिए। तीन दिन के शोक की घोषणा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

बलूचिस्तान के अलावा खैबर पख्तूनख्वा के हांगू जिले के दोआबा पुलिस थाना परिसर में हुए दो धमाकों में एक पुलिस अधिकारी सहित कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हो गए। हांगू जिला पुलिस अधिकारी निसार अहमद के मुताबिक पहला विस्फोट पुलिस थाने के प्रवेश द्वार पर हुआ, जिसके बाद घटनास्थल पर काफी लोग जमा हो गये। कुछ मिनट बाद पुलिस थाना परिसर में स्थित एक मस्जिद के अंदर एक और विस्फोट हुआ, जिससे मस्जिद की छत ढह गई। उन्होंने बताया कि लगभग 30 से 40 लोगों के मलबे में फंसे होने की सूचना है। पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर ने धमाकों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार देश से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत

Updated On 29 Sep 2023 4:19 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story