इस्लामाबाद, 29 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तान में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस पर जोरदार आत्मघाती हमला हुआ है। विस्फोट में एक पुलिस अफसर सहित 34 लोगों की मौत हो गयी। हादसे में 130 से अधिक घायल हुए हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है।

बलूचिस्तान के मस्तुंग में शुक्रवार को लोग ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान अल-फलाह मदीना मस्जिद के पास जुलूस के बीच में एक आत्मघाती हमलावर ने घुस कर साथ चल रही पुलिस उपाधीक्षक नवाज गिश्कोरी की गाड़ी के पास धमाका कर दिया। धमाका इतना तेज था कि कई किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी। धमाका होते ही वहां भगदड़ मच गयी। लोग इधर-उधर भागे और अफरा-तफरी में एक दूसरे को कुचलने भी लगे। जुलूस की सुरक्षा में तैनात पुलिस उपाधीक्षक सहित 34 लोगों की मौत हुई है। पुलिस अधिकारी मोहम्मद जावेद लाहिरी ने इस विस्फोट को आत्मघाती हमला करार दिया है।

कराची के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक खादिम हुसैन रिंद ने पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार हादसे में 130 से अधिक लोग घायल हुए हैं। धमाके के बाद पहुंचे राहत कर्मियों को भयावह दृश्य देखने को मिले। दूर-दूर तक शव पड़े थे। जहां कुछ देर पहले धार्मिक नारे सुनाई दे रहे थे, वहां घायलों की चीखें गूंज रहीं थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें कुछ की हालत अत्यधिक गंभीर है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। आसपास के अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गयी है। गंभीर रूप से घायलों को क्वेटा स्थानांतरित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत

Updated On 29 Sep 2023 4:02 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story