- पुलिस को हत्या की आशंका, खतरनाक अपराधी 32 वर्षीय युवक की तलाश तेज

वाशिंगटन, 27 सितंबर (हि.स.)। अभी कुछ दिन पहले ही पूरी दुनिया के युवाओं के लिए उम्मीद की किरण बताकर फोर्ब्स की '30 अंडर 30' सूची में शामिल हुई युवा उद्यमी पावा लापरे एक अपार्टमेंट में मृत पायी गईं। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए एक 32 वर्षीय युवक की तलाश शुरू कर दी है।

हाल ही में फोर्ब्स ने तीस साल से कम आयु के उन युवाओं की सूची जारी की थी, जिन्होंने कुछ विशेष कर भविष्य के लिए उम्मीद जगाई है। अमेरिकी कंपनी ईकोमैप टेक्नोलॉजीज की संस्थापक पावा लापरे का भी नाम इस वर्ष की ‘30 अंडर 30’ सूची में शामिल किया गया है, क्योंकि उनकी स्टार्टअप कंपनी ईकोमैप टेक्नोलॉजीज ने सामाजिक प्रभाव छोड़ा है। अमेरिका के मेरीलैंड राज्य के बाल्टीमोर शहर के एक अपार्टमेंट में 26 वर्षीय पावा लापरे मृत पाई गयी हैं। उनके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। लापरे की कंपनी ईकोमैप ने उनकी मौत की पुष्टि करने के साथ उनकी स्मृतियों को संजोने की बात कही है।

बाल्टीमोर के पुलिस आयुक्त रिचर्ड वार्ले ने पावा लापरे की हत्या की आशंका जाहिर की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस को 32 वर्षीय जेसन डीन बिलिंगस्ले पर शक है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े ग्यारह बजे के आसपास पुलिस को मामले की जानकारी मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को लापरे मृत मिलीं। जांच करने के दौरान उनसे सिर पर चोट के कई निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस आयुक्त के मुताबिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ पाएगी। जेसन खतरनाक अपराधी हो सकता है। उस पर फर्स्ट डिग्री हत्या, हमला, लापरवाही से खतरे में डालने और कई अन्य आरोप हैं। उसके पास हथियार भी हो सकता है। उन्होंने चेताते हुए कहा कि वह नुकसान पहुंचाने के लिए कुछ भी कर सकता है। वह मार भी सकता है और दुष्कर्म भी कर सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत

Updated On 28 Sep 2023 12:02 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story