बाकू, 19 सितंबर (हि.स.)। अजरबैजान के काराबाख में दो अलग-अलग बारूदी सुरंगों से जबर्दस्त विस्फोट हुए। इन धमाकों में चार पुलिस अधिकारियों सहित छह लोगों की मौत हो गयी। आर्मेनिया द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन करने से दो अज़रबैजानी सैनिक घायल हो गए।

काराबाख को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अजरबैजान के हिस्से के रूप में मान्यता प्राप्त है। बड़ी संख्या में जातीय अर्मेनियाई आबादी वाला काराबाख 1990 के दशक की शुरुआत में अजरबैजान के नियंत्रण से बाहर हो गया था किन्तु 2020 के युद्ध में अजरबैजान ने फिर से काराबाख पर कब्जा कर लिया था। अब काराबाख क्षेत्र के काराबाख व नागोर्नो में बारूदी सुरंगों से विस्फोट हुए। अजरबैजान की ओर से जानकारी दी गयी कि अवैध अर्मेनियाई सशस्त्र समूहों ने ये घातक बारूदी सुरंगे बिछाई थीं। दोनों घटनाओं में चार पुलिस अधिकारियों सहित छह लोगों की मौत हो गयी। दोनों घटनाओं में दो ट्रक बारूदी सुरंगों की चपेट में आए। एक धमाके में चार पुलिस अधिकारियों की जान गयी, तो दूसरी घटना में अजरबैजान के दो नागरिकों की मौत हुई। इसके बाद काराबाख में तनाव व्याप्त हो गया। अजरबैजान में शोक की लहर है। अजरबैजानी टीवी ने मनोरंजन कार्यक्रमों का प्रसारण रोक दिया।

इस संबंध में काराबाख में जातीय अर्मेनियाई अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अजरबैजान क्षेत्र को फिर से एकीकृत करने की अनुमति देने के लिए अर्मेनियाई समूहों को विघटित करना चाहता है। हालांकि, आर्मेनिया ने अजरबैजानी क्षेत्र में बारूदी सुरंगें बिछाने संबंधी आरोपों को झूठा करार दिया। बताया गया कि विस्फोट की घटनाएं काराबाख में एक साथ दो सड़कों के माध्यम से आवश्यक भोजन और दवाएं पहुंचाने के एक दिन बाद हुईं। अज़रबैजान के रक्षा मंत्रालय ने अवैध अर्मेनियाई सशस्त्र समूहों पर जॉर्जिया से बाकू के लिए उड़ान भरने वाले एक यात्री जेट के जीपीएस नेविगेशन को जाम करने का आरोप लगाया।

हिन्दुस्थान समाचार/ संजीव/दधिबल

Updated On 20 Sep 2023 12:01 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story