हमीरपुर , 27 सितंबर (हि. स.)। रोहित ठाकुर के बयान पर तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश सचिव ने कहा कि लगता है कि कांग्रेस के नेताओं को देश और प्रदेश में केंद्र सरकार द्वारा किया जा रहे सकारात्मक कार्यों से दिक्कत हो रही है। खुद तो यह कांग्रेस के नेता प्रदेश के युवाओं को नौकरियां दे नहीं पा रहे हैं और जब केंद्र सरकार हिमाचल के युवाओं को नौकरियां दे रही है तो उस इन नेताओं को तकलीफ हो रही है।

कांग्रेस सरकार अपनी नाकामयाबियों का ठीकरा भारतीय जनता पार्टी पर फोड़ रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर आपदा के समय राष्ट्रीय स्तर से हिमाचल पहुंचने वाले पहले नेता थे जिन्होनें मण्डी, कुल्लू, मनाली का प्रवास करके लोगों का दुख दर्द बांटा। दोबारा शिमला आकर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के साथ बैठक की और आपदा राहत के लिए माकूल धनराशि देने के बाद आपदा की आवश्यकताओं की पूर्ति करने के लिए सब प्रकार का सहयोग करने की घोषणा की।

भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार कांग्रेस पार्टी की है और जनता की आवश्यकताओं की प्रतिपूर्ति करना प्रदेश सरकार का दायित्व है और प्रदेश सरकार अपने दायित्व से भाग रही है।

अनुराग ठाकुर केन्द्र सरकार द्वारा दी गई नौकरियों के पत्र यदि बांट रहे हैं तो उसमें भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार को तकलीफ हो रही है और कांग्रेस की वर्तमान सरकार बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर सत्ता में आई और अब उनका शोषण कर रही है और नौकरियों से निकाल रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि हर समय सरकार की कंगाली का रोना बंद करें। जब झूठी गारंटियां दी थी उस समय भी आपको सरकार की माली हालत का मालूम था फिर भी आपने केवल सत्ता हथियाने के लिए झूठ बोला।

हिन्दुस्थान समाचार/विशाल/सुनील

Updated On 28 Sep 2023 12:21 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story