-22 दिन बाद पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार

डोंकी से अमेरिका गए अरविंद की लुटेरों ने स्टोर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी

कैथल, 29 सितंबर (हि.स.)। शुक्रवार को अमेरिका से युवक अरविंद का शव गांव टयोंठा पहुंचा। गत 7 सितंबर को लुटेरों ने अरविंद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इकलौते बेटे का शव देखकर मां बाप का बुरा हाल था। उसके अंतिम संस्कार में गांव टयोंठा व आसपास के गांव के लोग शामिल हुए।

बता दें कि टयोंठा का 22 वर्षीय युवक अरविंद चौधरी उर्फ बिंदु की 7 सितंबर को वहां पर काले लुटेरों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह स्टोर पर बैठा ड्यूटी कर रहा था। अरविंद छह महीने पहले घर से अमरीका के लिए डोकीं के जरिये निकला था। रास्ते की कठिनाइयों का सहते हुए तीन महीने पहले ही अमेरिका पहुंचा था। वहां पहुंचने के बाद अभी तक कहीं काम भी नहीं मिल पाया था, कुछ दिन पहले ही प्रोविजनल स्टोर पर काम मिला था। जब वह स्टोर काम कर रहा था तो वहां पर लूटपाट के इरादे से काले लुटेरे आए और अरविंद को गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने के बाद परिवार काफी सदमे था और ग्रामीणों व अन्य लोगों के सहयोग से लगातार अरविंद के शव को भारत लाने के प्रयास किए जा रहे थे। अरविंद के पिता भुला राम ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करते है। उनके पास एक एकड़ जमीन थी। जिसे बेचकर उन्होंने अरविंद को अमेरिका भेजा था। सरपंच बिरजू राणा व अन्य ग्रामीण भी सरकार से मांग कर रहे है कि अरविंद के परिवार की आर्थिक मदद की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/ नरेश/संजीव

Updated On 29 Sep 2023 6:47 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story