पलवल, 29 सितंबर (हि.स.)। पलवल में एक युवक अपने साथ एक युवती को भगाकर ले गया और अपना फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य कागजात तैयार कर झूठा शपथ पत्र देकर शादी कर ली। शादी के बाद उक्त फर्जी कागजात के आधार पर अदालत सुरक्षा की गुहार भी लगा दी। लड़की के परिजनों को जब इसका पता चला तो वे लड़के की जन्म तिथि से संबंधित स्कूल की मार्कशीट ले आए और कोर्ट में पेश कर दी। जिसके बाद आरोपी की रची हुई साजिश से पर्दाफाश हो गया। कैंप थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

कैंप थाना प्रभारी सत्य नारायण ने शुक्रवार को बताया कि उन्हें एक शिकायत मिली थी, जिसमें कहा गया कि होडल थाना अंतर्गत एक गांव का रहने वाला सुखराम नामक लड़का, एक लड़की को भगाकर ले गया और शादी कर ली। आरोपी ने 7 जून 2023 को दिए गए एक शपथ पत्र में अपनी जन्मतिथि 15 जनवरी 2002 दर्शाई थी और कहा था कि उसके पास जन्म तिथि का कोई कागजी रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। जबकि सच्चाई यह थी कि आरोपी ने गांव के ही स्कूल से प्राथमिक शिक्षा प्राप्त की है।

स्कूल में उसकी जन्म तिथि 15 जनवरी 2003 दर्ज है। इसी प्रकार आरोपी ने अपने आधार कार्ड में भी फर्जकारी कर गलत जन्मतिथि दर्ज कर रखी है। आरोपी ने उक्त फर्जी कागजात होडल थाना पुलिस को भी सौंप थे, जिसकी किसी ने वेरिफिकेशन करनी जरूरी नहीं समझी। आरोपी ने 18 सितंबर 2023 को पुलिस से सुरक्षा मांगी और जिला एवं सत्र न्यायाधीश के समक्ष एक याचिका दायर की थी। इस याचिका में भी जन्म तिथि संबंधित झूठा शपथ पत्र एवं फर्जकारी युक्त आधार कार्ड प्रस्तुत किया गया था।

कोर्ट के संज्ञान में यह मामला आने के बाद न्यायाधीश ने अदालत में शिकायतकर्ता को कैंप थाना में मामला दर्ज कराने की छूट दी थी। पीड़ित ने शिकायत में कहा है कि आरोपी ने उसकी बेटी से करीब 4 माह पहले शादी की थी। जिसमें फर्जी कागजात प्रस्तुत किए गए थे। क्योंकि लड़के की उम्र शादी से पहले 21 वर्ष होनी चाहिए, लेकिन आरोपी की उम्र कम है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ गुरुदत्त/संजीव

Updated On 29 Sep 2023 6:47 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story