हिसार, 29 सितम्बर (हि.स.)। एक माला में दर्जनों मनके होते हैं और उनको जोडऩे के लिए एक धागा है, यदि ये धागा टूट जाता है तो सभी मनके बिखर जाएंगे। इसी तरह धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सद्भाव इस देश को जोडऩे वाला धागा है। यदि यह धागा कमजोर पड़ता है तो देश की एकता अखंडता कमजोर होगी। यह बात अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को शहीद भगत सिंह की याद में और कामरेड पृथ्वी सिंह की बरसी पर आयोजित भारतीय गणतंत्र और मौजूदा चुनौतियां विषय पर आयोजित सेमिनार में कही। सेमिनार की अध्यक्षता आनंद देव सांगवान और सूबे सिंह बूरा ने की जबकि संचालन दिनेश सिवाच ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ कृषि विशेषज्ञ डॉ. स्वामीनाथन को याद करते हुए उन्हें एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कामरेड इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कामरेड पृथ्वी सिंह ने न केवल किसानों व मजदूरों के हकों की लड़ाई लड़ी बल्कि जाति और धर्म के आधार पर होने वाले भेदभाव के खिलाफ भी हमेशा सचेत रूप से लोगों को जागरुक करते रहे। सांप्रदायिकता को लेकर वो हमेशा लड़ते रहे। लोहारू में कुछ समाज विरोधी तत्वों ने मुस्लिम समुदाय के कुछ घरों को जला दिया जिसमें कुछ दिनों बाद उनकी बेटियों की शादी के लिए एकत्रित किया हुआ सामान भी जल गया था। कामरेड पृथ्वी सिंह ने हिसार से लोगों से इकट्ठा करके एक ट्रक सामान भेजा था। उन्होंने कहा कि कामरेड पृथ्वी सिंह शहीद भगत सिंह के विचारों के सच्चे अर्थों में वाहक थे और ताउम्र उनकी विरासत को आगे बढ़ाते रहे।

कामरेड इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मोदी सरकार आने के बाद न केवल किसान, मजदूर और आम जनता पर हमले तेज हो रहे है। महंगाई बढ़ रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बुरी हालत है बल्कि संविधान पर भी हमला बोला जा रहा है। देश को तानाशाही की ओर धकेला जा रहा है। ऐसे में तमाम देश भक्त लोगों को आगे आते हुए देश को जोडऩे और बचाने की जरुरत है। इस अवसर पर किसान सभा के जिला प्रधान शमशेर नंबरदार, बनवारी लाल बिश्नोई, बलराज लाडवा, सतबीर धायल, कामरेड सुरेश कुमार, कपूर बगला, शकुंतला जाखड़, अशोक सैनी, विनोद प्रभाकर, मांगेराम गोदारा, कमला देवी, रमेश मिरका, रोहतास राजली, मियां सिंह, मनोज सोनी, हितैष कुमार, मुकेश कुमार, मनोहर लाल जाखड़, सीमा आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

Updated On 29 Sep 2023 5:23 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story