- 18 नामजद लोगों समेत 30 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

वडोदरा, 29 सितंबर (हि.स.)। वडोदरा जिले की सावली तहसील के मंजूसर गांव में गुरुवार रात गणपति प्रतिमा विसर्जन यात्रा पर पथराव मामले में पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है। इन पांचों से पूछताछ की जा रही है। घटना में 4 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने 18 नामजद लोगों समेत 30 लोगों के टोला के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।

वडोदरा ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक बीएच चावडा ने बताया कि गुरुवार को सावली के मंजूसर गांव में गणपति प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली गई थी। लोग ट्रैक्टर में गणपति की प्रतिमा लेकर निकले थे। गरासीया मोहल्ला के पास अचानक मकानों की छत से पथराव शुरू कर दिया गया। इसमें चार लोगों को चोट लगी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पथराव कर रही भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। इसके बाद शांतिपूर्ण माहौल में मूर्ति का विसर्जन कराया गया। गणपति महोत्सव के आयोजकों की शिकायत के बाद 18 लोगों के विरुद्ध नामजद और अन्य 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपित अपने घरों से फरार हैं। पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पूरे गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

आयोजक गिरिश पंचाल की ओर से दर्ज की गई शिकायत में बताया गया है कि वे गांव के 100 लोगों के साथ गणपति प्रतिमा के विसर्जन के लिए महादेव फलिया से ट्रैक्टर पर निकले थे। बाद में अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए, जिससे विसर्जन यात्रा में कम से कम 500 लोग शामिल हुए। शाम 6 बजे के आसपास जब विसर्जन यात्रा गरासिया मोहल्ला में पहुंची तो उनके ऊपर पथराव शुरू हो गया। लोग छतों से पथराव कर रहे थे। पथराव करने वालों में वसीम वाघेला, जशा वाघेला, रणजीत, यासीन वाघेला और महंमद वाघेला आदि शामिल थे। लाला रायसंग होटलवाला के घर से अचानक पथराव शुरू हुआ था। पथराव के बाद सभी भाग गए। बाद में वसीम धारदार हथियार लेकर निकला। मारपीट की घटना में अर्जुन, संदीप, जितेन्द्र और अरविंद आदि घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस बंदोबस्त कर दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंजूसर ग्राम पंचायत के समीप चौक पर रामधुन गाकर विरोध जताया।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/दधिबल

Updated On 29 Sep 2023 6:31 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story